संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। आयुर्वेद में स्नातक करने का सपना देख रहे भावी चिकित्सकों के लिए अच्छी खबर है। श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय ने मंगलवार को अधिसूचना जारी करते हुए बीएएमएस में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को पांच से नौ फरवरी तक आवेदन करने का मौका दिया है।
इच्छुक विद्यार्थी नौ फरवरी तक श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय सहित प्रदेश के 13 महाविद्यालयों की 888 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से 12 फरवरी को सीटों का अंतिम आवंटन किया जाएगा। अधिसूचना में बताया गया कि पीडब्ल्यूडी कैंडिडेट जिनके पास दिव्यांगता का प्रमाणपत्र नहीं है, ऐसे विद्यार्थियों के लिए सात फरवरी को पीजीआईएमएस रोहतक में मेडिकल बोर्ड बैठेगा।
वहां से विद्यार्थी प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों को दस्तावेज सत्यापन, ऑनलाइन फीस जमा करने और संबंधित शिक्षण संस्थान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए 14 से 17 फरवरी तक का समय दिया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि बीएएमएस में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी को पांच से नौ फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन करने का मौका दिया है। आयुष विश्वविद्यालय प्रशासन संबंधित 10 महाविद्यालयों सहित 13 महाविद्यालयों की बीएएमएस की 888 सीटों पर काउंसलिंग कराएगा। इनमें से 653 सीटें आयुष विश्वविद्यालय के अंतर्गत आती हैं।