प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के होने वाले चुनाव के कारण अब उन्हें बाबा साहेब की याद आई है। मन की बात कहने वाले मोदी ने 10 वर्ष तक गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए तथा भाजपा शासित राज्यों मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व हिमाचल में भाजपा सरकार के समय किसी भी परियोजना या संस्था का नाम बाबा साहेब के नाम पर नहीं रखा। यह आरोप नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला तथा इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कुरुक्षेत्र के गांव धुराला में सोमवार को बाबा साहेब की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित हलका स्तरीय सद्भावना सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहे।
अभय चौटाला तथा अशोक अरोड़ा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न देने का प्रस्ताव चौ. देवीलाल ने ही कैबिनेट में रखा था। उस प्रस्ताव पर मोहर लगने के पश्चात बाबा साहेब को भारत रत्न दिया गया। इसी प्रकार चौ. देवीलाल ने संसद के सेंट्रल हाल में बाबा साहेब की प्रतिमा लगवाई। इनेलो नेताओं ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब जवाहर लाल नेहरू ने आरक्षण का विरोध किया तो बाबा साहेब ने उनके मंत्रिमंडल से त्यागपत्र दे दिया था।
कांग्रेस द्वारा बाबा साहेब की 125वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेसियों में जो जूतमपजार हो रहा है, वह किसी से छिपा हुआ नहीं है। इस सद्भावना सम्मेलन में लाडवा इनेलो हलका प्रधान अमनदीप कंबोज, विक्रम तंवर लुखी, जगबीर मोहड़ी, जोगध्यान, रणबीर बूरा, मांगे राम सरपंच, इनसो के राष्ट्रीय महासचिव जसविंद्र खैरा, युवा इनेलो जिला प्रधान सुनील राणा, सूबे सिंह त्यौड़ी, सतबीर शर्मा सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ध्यान भटकाने में लगी है भाजपा सरकार
अभय तथा अशोक अरोड़ा ने कहा कि चुनावी वायदे पूरे करने में भाजपा सरकार पूरी तरह असफल रही है। अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए प्रदेश भाजपा सरकार कभी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा लगाती है, लेकिन लड़कियों की जो दुर्दशा है, वह किसी से छुपी नहीं। स्कूलों में अध्यापक नहीं, लेकिन गीता पढ़ाने की बात कही जा रही है।
प्रदेश की बर्बादी के लिए भाजपा और कांग्रेस बराबर की जिम्मेवार
इनेलो नेताओं ने आरोप लगाया कि जाट आरक्षण आंदोलन की आड़ में प्रदेश में जो बर्बादी हुई उसके लिए भाजपा व कांग्रेस दोनों बराबर की जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि रोहतक, झज्जर, कलानौर, गन्नौर इत्यादि इलाकों में जहां-जहां बर्बादी हुई, वहां-वहां कांग्रेस व भाजपा के विधायक हैं।
दोनों राजनीतिक दलों ने अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए प्रदेश को बर्बाद करके रख दिया। अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में 6844 गांव हैं, एक भी गांव में आपसी भाईचारा खराब नहीं हुआ। केवल उन इलाकों में ही भाईचारा खराब हुआ, जहां भाजपा व कांग्रेस के विधायक बने हुए हैं। भाजपा व कांग्रेस ने एक जाति विशेष को बदनाम किया और प्रदेश को आग के हवाले कर दिया। जिसके बाद जाट आरक्षण दिया गया।
राजनैतिक विरोधियों पर किए जा रहे हैं झूठे मुकदमे दर्ज
अभय चौटाला ने कहा कि जाट आरक्षण की आड़ में भाजपा सरकार अपने राजनैतिक विरोधियों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि इनेलो की मांग पर मुख्यमंत्री ने न्यायिक आयोग तो बना दिया, लेकिन इस आयोग को कोई ताकत नहीं दी गई।