संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एक फर्जी कंपनी ने किसान को डेयरी फार्मिंग खोलने के लिए 50 लाख रुपये लोन देने का लालच देकर 5.30 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में साइबर सेल की मदद ले रही है।
थाना केयूके पुलिस को दी शिकायत में करतार सिंह वासी बगथला ने कहा कि 16 मार्च को उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। बातचीत करने वाले ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मी बताकर उसके लेन-देन के अच्छे रिकॉर्ड को देखते 50 लाख रुपये लोन देने की पेशकश की। उसने डेयरी फार्मिंग के लिए लोन लेने की हामी भर। इस पर उक्त व्यक्ति ने उसे पासपोर्ट, आधार, पैन कार्ड व दो फोटो को व्हाट्सएप पर भेजने के अलावा 4800 रुपये उनके खाते में डालने की मांग की थी। उसने उसी दिन सब कागजात व पैसे उनके बताए अनुसार ट्रांसफर कर दिए थे।
उसी दिन दोपहर 12:13 बजे 50 हजार 400 रुपये उनके खाते में डालने की ई-मेल मिली थी। उसने यह राशि भी उनके खाते में डाल दी थी। 21 मार्च को दोबारा कॉल आई, जिसमें उसने सिक्योरिटी के नाम पर 62,900 रुपये जमा कराए थे। थोड़ी देर बाद फिर कॉल आई तो उसने 32900 रुपये जमा कराए और अगले दिन लोन पास करने का आश्वासन दिया। अगले दिन आरोपी ने कॉल करके बताया कि उसका लोन पास हो गया है, उसे बीमे की राशि के 48800 रुपये जमा कराने होंगे। इसके अगले दिन उसने यह रकम भी जमा करा दी थी, आरोपी ने बताया कि यह रकम मैसेज आने के 30 मिनट के अंदर जमा करानी थी।
अब अगर उसने 50 हजार रुपये जमा नहीं कराए तो उसका लोन रद्द कर दिया जाएगा। लोन रद्द होने के डर से उसने तुरंत 50 हजार रुपये उनके बताए खाते में जमा करा दिए थे। तब आरोपी ने फोन करके बताया उसका खाते में लोन की रकम शो नहीं हो रही है, जिसके लिए उसे 49800 रुपये उनके कहे अनुसार जमा करा दिए। बाद में आरोपी ने उसे फोन कर बताया कि उसके अच्छे रिकॉर्ड और व्यवहार को देखते हुए कंपनी ने उसकी तीन किस्त माफ कर दी है, मगर उसे अभी 1,47,619 रुपये जमा कराने होंगे।
तब उसने बताया कि उसके पास इतनी बड़ी रकम नहीं है। इंतजाम होते ही वह यह रकम जमा करा देंगे, जिसके लिए आरोपी उसे कई दिनों तक फोन करते रहे। फिर सात अप्रैल को उसने इस रकम के साथ जुर्माने के 65,600 रुपये उनके बताए खाते में डाले थे। उसके बाद भी उसका लोन पास नहीं हुआ तो शक होने पर कंपनी के मुख्य कार्यालय में कॉल करके बातचीत की, जिसमें उसे जानकारी मिली कि आरोपियों ने फर्जी कंपनी का झांसा देकर उसके साथ पांच लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत पर पुलिस ने उम्र खान, प्रियम झा, राज गोपाल कुंडू और दिलीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।