कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय स्थित यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल में राष्ट्रीय कैडेट कोर की बी सर्टिफिकेट परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में विभिन्न संस्थानों के 416 कैडेट ने परीक्षा दी।
परीक्षा में 14 हरियाणा यमुनानगर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अजय कौशिक की टीम ने निगरानी रखी। केयू के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट वीरेंद्र पाल ने बताया कि इस परीक्षा में आए सभी कैडेट एवं सभी स्टाफ के लिए भोजन और जलपान का प्रबंध भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा में पारदर्शिता एवं निष्पक्ष रखने के लिए दूसरी बटालियन का स्टाफ परीक्षा लेता है। इस परीक्षा के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने सभी सुविधाएं प्रदान कीं। परीक्षा में विभिन्न संस्थानों के एनसीसी अधिकारी और 10 हरियाणा बटालियन का स्टाफ भी उपस्थित रहा।
उन्होंने बताया कि एनसीसी विश्व का सबसे बड़ा यूनिफार्म वाला संगठन है। एनसीसी में 14 लाख से अधिक कैडेट शामिल हैं। एनसीसी में तीन स्तर की परीक्षा ली जाती है। बी सर्टिफिकेट की परीक्षा मध्यम स्तर की परीक्षा होती है। इसमें कैडेट की लिखित परीक्षा के साथ-साथ ड्रिल की परीक्षा भी ली जाती है। लिखित परीक्षा में सामान्य विषयों के साथ-साथ सेना के विषय, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, मानचित्र पाठन आदि विषय आते हैं।