स्कूल में परीक्षा समाप्त होने के बाद अब जिला अस्पताल सहित विभिन्न टीकाकरण केंद्रों पर बच्चों की संख्या बढ़ने लगी है। स्वास्थ्य विभाग फिलहाल कम से कम 15 बच्चों को एक साथ सुरक्षा कवच पहना रहा है, ताकि दवा खराब न जाए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अभी तक करीब 40 हजार बच्चों में से 3228 को कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई है, जबकि वैक्सीनेशन के पहले दिन मात्र 60 बच्चों को कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई थी। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने वीरवार को जिला अस्पताल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सहित कई स्कूलों का दौरा किया।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार वीरवार को कुल 4145 को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई। इनमें 12 से 14 आयु वर्ग के 878, 15 से 18 आयु वर्ग के 62, इसी आयु वर्ग में 144 को दूसरा टीका लगाया गया। वहीं 18 से अधिक आयु वर्ग वाले 117 को पहली और 827 को दूसरा टीका लगाया गया। वहीं189 को एहतियाती टीका लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक सात लाख 73 हजार 802 को पहला, छह लाख 55 हजार 909 को दूसरा टीका लगाया जा चुका है। इसके अलावा 7621 को एहतियाती टीका लगाने के साथ कुल 14 लाख 37 हजार 332 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा चुका है।
बाक्स
परीक्षा के चलते दो सप्ताह बाद बच्चों को लगवाई जाएगी वैक्सीन
आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य बलदेव राज सैनी ने बताया कि स्कूल में 12 से 14 आयु वर्ग के 56 विद्यार्थी है, जिन्हें कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगना है। स्वास्थ्य विभाग ने भी शिविर लगाने की अपील की थी, लेकिन बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए दो सप्ताह बाद ही वैक्सीनेशन शिविर लगवाया जाएगा।
बाक्स
बच्चों को वैक्सीनेशन से वंचित क्यों रखना
गुरुनानकपुरा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार का कहना है कि कोरोना वैक्सीन के ज्यादा दुष्प्रभाव सामने नहीं आए हैं। परिवार के सभी सदस्यों ने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली है तो बच्चों को वैक्सीनेशन से वंचित क्यों रखना। बताया कि उनकी बेटी देविका ने भी जिला अस्पताल पहुंच देविका ने भी कोरोना वैक्सीन लगवाई।
बाक्स
अपनी बारी आने पर लगवाएं वैक्सीन
गुरुनानकपुरा कॉलोनी वासी देविका ने वीरवार को जिला अस्पताल पहुंच कोरोना रोधी वैक्सीन लगवाई। देविका का कहना है कि कोरोना वैक्सीन से घबराए नहीं, बल्कि अपनी बारी आने पर लगवाएं।
बाक्स
बच्चों को कोरोना से सुरक्षित करना माता-पिता का कर्तव्य
सेक्टर-13 वासी नीशू का कहना है कि बच्चों को कोरोना से सुरक्षित रखना हर माता-पिता का कर्तव्य है। कोरोना रोधी वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। इसलिए अभिभावक अपने बच्चों को कोरोना रोधी टीका जरूर लगवाएं।
बाक्स
परीक्षा खत्म होने के बाद टीका लगवाने पहुंची चाहत
----------------------------------------------------------
छात्रा चाहत की परीक्षा 16 मार्च को ही खत्म हुई। परीक्षा खत्म होने के बाद चाहत अपनी माता के साथ टीका लगवाने जिला अस्पताल पहुंची। वह वैक्सीनेशन को लेकर बहुत उत्साहित हैं। कहा कि परीक्षा देने के बाद सभी बच्चे टीकाकरण जरूर कराएं,ताकि हम सुरक्षित रह सकें।
बाक्स
ज्यादा से ज्यादा बच्चों को वैक्सीनेट करने के लिए लगा रहे शिविर: डॉ. अनुपमा
उप सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा सिंह का कहना है कि जिलेभर में ज्यादा बच्चों का टीकाकरण करने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। परीक्षाओं के चलते बहुत कम बच्चों को वैक्सीन लग रही है। अब टीकाकरण अभियान को तेज कर दिया गया है।