कुरुक्षेत्र। खेत में पानी पीने जा रहा एक मजदूर 11 केवी बिजली लाइन के करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद भी बिजली कर्मियों के न पहुंचने पर नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने शव उठाने से इंकार कर दिया।
जानकारी के अनुुसार शेख चेहली मकबरे के पास रहने वाला अमित (22) तूड़ी बनाने वाली रीपर पर मजदूरी करता है। रविवार को कैंथला खुर्द गांव में वो एक अन्य मजदूरी गांव दयालपुर निवासी चंद्रभान के साथ रीपर से खेतों में तूड़ी बना रहे था। इसी बीच अमित को प्यास लगी। इस पर वह पंचायती जमीन से होते हुए खेत में लगे एक ट्यूबवेल पर पानी पीने के लिए जाने लगा। इस दौरान पता नहीं कैसे वो खेत से गुजर रही 11केेवी बिजली लाइन के करंट की चपेट में आ गया। बिजली करंट से झुलसकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, घटना की सूचना से परिजनों में हड़कंप मच गया। तत्काल ही घटनास्थल पर ग्रामीण जमा हो गए। मौके पर पहुंचे ग्राम सरपंच कमलेश के पति राजेंद्र सिंह ने तत्काल ही पुलिस व बिजली निगम के अधिकारियों को सूचना दी।
थाना केयूके बलवान सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए पर कोई भी बिजली अधिकारी देर रात तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। इससे बिजली निगम को लेकर ग्रामीणों में रोष गहरा गया। नाराज ग्रामीणों ने देर रात तक शव को नहीं उठाने दिया। उधर, ग्रामीण जसविंद्र, प्रदीप, राजकुमार सहित अन्य ने बताया कि समय रहते बिजली के तारों की मर की जाती तो आज यह हादसा नहीं होता। केयूके थाना प्रभारी बलवान सिह का कहना है कि करंट से अमित की मौत हुई है, जिस पर ग्रामीण व परिजन बिजली कर्मियों के मौके पर पहुंचने की मांग कर रहे है। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है जबकि हादसे की सूचना बिजली अधिकारियों को भी दे दी गई है।
गांव की सरपंच कमलेश के पति राजेंद्र सिंह का कहना है कि गांव के खेतों में अनेकों जगहों पर 11केवी लाइन महज 8 से 10 फीट तक नीचे लटकी हुई है, जिसके चलते ही अमित इसकी चपेट में आया है। बिजली निगम के अधिकारियों को अनेकों बार शिकायतें दी, लेकिन बिजली अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई। इन किसानों में लगातार भय बना हुआ था और अब हादसे के बाद किसान दहशत में है। अमित की मौत के बाद बिजली अधिकारियों को मौके पर बुलाने के लिए वे बार-बार आग्रह करते रहे, लेकिन किसी अधिकारी ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया। जब तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे तब तक शव नहीं उठाने दिया जाएगा।