कुरुक्षेत्र। सेवानिवृत्ति के बाद एलएनजेपी अस्पताल में सेवा दे रहे 58 वर्षीय रेडियोलॉजिस्ट भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इससे अब जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा भी प्रभावित होगी। गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वीरवार को सेवानिवृत्त रेडियोलॉजिस्ट सहित 110 मरीजों में कोविड की पुष्टि हुई। इनमें सेवानिवृत्त एसएमओ, 46 वर्षीय चिकित्सक, सीएचसी मथाना से 37 वर्षीय फार्मेसी ऑफिसर, सीएचसी लाडवा से 38 वर्षीय नर्सिंग ऑफिसर, दो एमपीएचडब्ल्यू, 12 विद्यार्थी और विदेश से वापस लौटे पांच यात्री शामिल हैं। जिले में अब एक्टिव केस का आंकड़ा बढ़कर 454 पहुंच गया है। विभाग ने इनमें से 424 मरीजों को होम आइसोलेशन में और 30 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया है। 79 मरीजों को रिकवर होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 22 हजार 903 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 358 मरीजों की मौत हो चुकी है और 22091 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं।
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक लिए गए 641786 सैंपलों में से 616194 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बताया कि जिले में रिकवरी रेट 96.45 फीसदी और सैंपल पॉजिटिविटी रेट घटकर 3.58 फीसदी पर पहुंच गया है। सीएमओ ने बताया कि विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों से लिए गए आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 1221 सैंपलों की जांच करने पर 110 में कोविड की पुष्टि हुई है। इनमें आरटी पीसीआर के 1100 और रैपिड एंटीजन के 121 सैंपल शामिल हैं।