पिहोवा। युवक को अमेरिका भेजने की आड़ में 10 लाख रुपये की धोधाखड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टिब्बा फार्म के रहने वाले गुरमीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि उसका भांजा परमप्रीत सिंह निवासी हंसाला उसके पास पिहोवा आया था। वह विदेश जाना चाहता था। इस संबंध में विक्की शर्मा से बातचीत की गई, जो अब दुबई में रह रहा है। उसने उसे अमेरिका भेजने का भरोसा दिया तो इसके लिए 20 लाख रुपये में सौदा तय किया। उसके कहे अनुसार अगस्त 2024 में 10 लाख रुपये एडवांस अनाजमंडी में सुभाष शर्मा की दुकान पर जमा करवा दिए तो उसे भरोसा दिया गया कि परमप्रीत सिंह 31 अगस्त तक अमेरिका पहुंच जाएगा और बाकी 10 लाख रुपये बाद में दे देना।
जब परमप्रीत को 31 अगस्त 2024 तक अमेरिका नहीं भेजा गया तो आरोपियों से बातचीत की, जो उन्हें गुमराह करने लगे। बाद में पंचायत हुई तो उन्हें 10-10 लाख के दो चेक दिए लेकिन यह दोनों ही बाउंस हो गए। इस पर जब आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने दी रकम वापस करने से इन्कार कर दिया तो धमकी भी दी जाने लगी।