संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। गांव ब्याना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की युवा ग्राम पंचायत ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। इसे लेकर विद्यालय परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका निर्देशन राजनीति विज्ञान प्राध्यापक बलविंद्र सिंह और हिंदी प्राध्यापक अरुण कुमार कैहरबा ने किया।
विद्यार्थियों ने ग्राम सभा और पंचायत की कार्यप्रणाली को मंचित करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सर्व शिक्षा, महिला समानता, सामाजिक सद्भाव और आधुनिक खेती जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश दिए। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी धर्मपाल चौधरी मुख्य अतिथि रहे। प्रतियोगिता में दूसरा स्थान असंध खंड के राजकीय उच्च विद्यालय उपलानी को जबकि तीसरा स्थान घरौंडा खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खोरा खेड़ी को मिला। डॉ. वत्स ने बताया कि 55 मिनट चली इस प्रस्तुति में 51 विद्यार्थियों ने विभिन्न भूमिकाओं जैसे सरपंच, ग्राम सचिव, पंच, नंबरदार, अधिकारी और ग्रामीण, का जीवंत अभिनय कर समाज के प्रति अपनी जागरूकता प्रदर्शित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राम कुमार सैनी ने की। गांव की सरपंच अंजू रानी, पीएम श्री राजकीय स्कूल इंद्री के प्रधानाचार्य डॉ. करनैल चंद बैंस, बदरपुर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण शर्मा, प्राध्यापक डॉ. राजेश कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद