करनाल। नए साल का पहला दिन कई परिवारों के लिए यादगार बन गया क्योंकि किसी के घर बेटे का जन्म हुआ तो किसी की गोद में बेटी आई। परिजनों ने इसे भगवान का आशीर्वाद और लक्ष्मी का आगमन बताया। किसी ने ढोल-नगाड़ों के साथ तो किसी ने पटाखे और मिठाइयां बांटकर नए साल और नवजात के स्वागत की खुशी मनाई। नागरिक अस्पताल और कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में करीब 17 से 18 बच्चों ने जन्म लिया।
परिजनों ने अस्पताल में भी मिठाइयां बंटवाकर खुशी जाहिर की। किसी ने फोन कर घर पर खबर दी तो ढोल बजवाकर जश्न मनाया। कई परिजनों ने रात को आतिशबाजी के साथ नए साल और नवजात के स्वागत दोनों खुशी एक साथ मनाई। नागरिक अस्पताल से नर्सिंग आफिसर मंजीत ने बताया कि करीब 12 बजे के बाद से दोपहर बाद तक करीब 10 बच्चों का जन्म हुआ। वहीं, मेडिकल कॉलेज के लेबर कक्ष से डॉ. गरिमा ने बताया कि शाम तक करीब 6 डिलीवरी हुई।
पहला बेटा भी नए साल पर हुआ था
शिव कॉलोनी से नवजात के जन्म होने पर उसकी दादी देवी ने बताया कि यह हमारे घर के लिए सौभाग्य से कम नहीं है। क्योंकि बहू को पहला बच्चा साल की पहली तारीख को हुआ था और दूसरे बेटे का जन्म भी नए साल की पहली तारीख को ही हुआ। उन्होंने बताया कि किसी बड़े आयोजन के बजाय घर पर ही भगवान का शुक्रिया अदा किया। बेटा हो या बेटी, बच्चे का स्वस्थ होना ही सबसे बड़ी खुशी है। बच्चे का नाम गुन्नू रखा है।
नए साल पर बेटे का हुआ जन्म
पाल नगर से नवजात की बुआ सुदेश ने बताया कि परिवार के नए साल पर बेटे का जन्म होना भगवान का आशीर्वाद है। ऐसा महसूस हो रहा है जैसे पूरा साल खुशियों से भर जाएगा। घर में इतनी खुशी थी कि परिवार से जीजी, फूफा, भाई, बहन और बुआ समेत सभी लोग अस्पताल आ गए और मिठाइयां बांटी। इससे पहले लड़की हुई थी जिसका नाम अनाया रखा था, वहीं, बेटे का नाम भी अ अक्षर से रखने का विचार पहले से था तो उसका नाम आयान रखा है।
मिठाइयां बांटकर मनाई खुशी
शाहपुर से आए नवजात की मां अन्नु रोहिला ने बताया कि बेटी हुई है और घर में पहली किलकारी गूंजी है। नए साल पर लक्ष्मी घर आई है जो पूरे परिवार के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह खुशी शब्दों में बयान नहीं की जा सकती। नए साल और बच्चे का जन्म एक साथ होना जिंदगी का सबसे खूबसूरत पल है। घर में पटाखों और मिठाइयों के साथ जश्न मनाया गया। बेटी के पैदा होते ही नाम किट्टू रखा है जो पहले ही सोचा था।
मोहल्ले में की आतिशबाजी
घीड़ गांव से नवजात की मां सपना ने बताया कि पहली बेटी आई है वो भी नए साल पर। यह खुशी किसी सौभाग्य से कम नहीं है। जन्म की खबर मिलते ही रात को पिता ने मोहल्ले में पटाखे बजाने शुरू कर दिए। मां का कहना है कि बेटी लक्ष्मी का रूप होती है और नए साल पर उसका आना पूरे परिवार में जश्न का माहौल है। परिवार ने पूड़े बनाकर खुशी मनाई। नए साल पर बेटी का नाम परी रखा।
ताई के साथ नवजात गुन्नू