संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नीलोखेड़ी के समीप बस से उतर रहे चार यात्री कार की चपेट में आ गए, जिससे एक युवक की मौत हो गई और तीन लोगों को गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में दाखिल कराया गया। बुटाना थाने में पुलिस ने बिहार के पुर्णिया जिले के मछाल्ता निवासी कान्हू के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कान्हू ने बताया कि 19 अप्रैल को सूरज, नेपाल के हजरिया वार्ड-दो नगरपालिका क्षेत्र निवासी ब्रह्मदेव दास व रामदयाल दास तथा बिहार के सीतामढ़ी जिले के मुरलिया पुपरिया निवासी सीताराम लुधियाना से बिहार जा रहे थे। बस में काफी सवारियां थी। सभी ने मिलकर यह बस बिहार के लिए बुक कराई थी। जब बस मध्य रात्रि नीलोखेड़ी के समीप पहुंची तो सामने ट्रक की तेज लाइट पड़ने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस जीटी रोड पर बनी पुलिया से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर वे घबराकर नीचे उतर रहे थे कि अंबाला से करनाल की ओर जा रहे तेज रफ्तार कार ने सूरज, ब्रह्मदेव, रामदयाल दास व सीताराम को टक्कर मार दी। वाहन चालक फरार हो गया। चारों को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज लाया गया। सूरज को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पिता-पुत्र को पीटा, तूड़ी बिखेरी
करनाल। असंध के पोपड़ा गांव में पिता-पुत्र पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित जसमेर ने इसी गांव के सात लोगों के खिलाफ असंध थाने में शिकायत देकर पर्चा दर्ज करवाया है। उसका कहना है कि पंचायती जमीन में उसने ढककर तूड़ी रखी थी। उसी दौरान रंजिश रखते हुए उसकी तूड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर बिखेर दी। विरोध करने पर गाली-गलौज की। उसके पिता जब मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।