संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। शटरिंग का सामान लेकर प्यौंत से गुल्लरपुर जा रहे युवक पर छह युवकों ने रास्ते में रोककर चाकुओं से हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को ग्रामीणों की मदद से करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही एसएचओ निसिंग टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। जानकारी के अनुसार होली पर्व पर करनाल निवासी आर्यन अपने दोस्तों से मिलने प्यौंत गांव में आया था। इस दौरान सभी बाइक पर गांव की गलियों में घूम रहे थे। तभी मुकेश व समाज के अन्य युवकों ने उनका विरोध किया था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते मुकेश को रास्ते में रोक कर दो बाइकों पर आए छह युवकों ने चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया।
थाना प्रभारी अजायब सिंह ने बताया कि घायल मुकेश की शिकायत पर चार मुख्य व दो अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में एक युवक करनाल व अन्य प्यौंत गांव के बताए जा रहे हैं।