माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। ऑनलाइन माध्यम से अतिरिक्त आय के लालच में एक महिला ने करीब 1.06 लाख रुपये गवा दिए। आरोपी ने टेलीग्राम एप पर लिंक भेजकर महिला को झांसे में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
हांसी रोड निवासी निशा ने बताया कि जुलिएनी नामक व्यक्ति ने उसे व्हाट्स एप नंबर के माध्यम से संपर्क किया और नौकरी करके अतिरिक्त आय अर्जित करने का लालच दिया। इसके लिए आरोपी ने उसे टेलीग्राम एप पर एक लिंक भेजा। जिसके माध्यम से उन्होंने उसके मैनेजर से संपर्क किया। जिसका नाम एकीनेनी नागार्जुन है। उसने अपनी आईडी पर बाद में नाम एरोन्स रख लिया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने टास्क लेवल-1 के लिए 100 रुपये का रिचार्ज करने को कहा। उसने काम असाइन भी कर दिया। लेकिन बाद में आरोपी ने उसे टास्क लेवल-1 एक लाख 26 हजार 999 रुपये का दिया। जिसे करने से उसने मना कर दिया। इस पर उसने 45000 रुपये टास्क पूरा करने के भी दिए। लेकिन जैसे ही काम पूरा हुआ तो आरोपी ने उन्हें ब्लॉक कर दिया। इसी तरह आरोपी ने उनसे अलग-अलग मदों में करीब 1.06 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। उनका कहना है कि अब उन्हें लिंक पर साइट भी गलत दिखाई दे रही है और पैसे भी वापस नहीं मिल रहे हैं। ब्यूरो