माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सेना के सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन के खाते से साइबर अपराधियों ने साढ़े आठ लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, घरौंडा में एक व्यक्ति से भी एटीएम बदलकर 67 हजार रुपये निकाल लिए गए।
मधुबन कुटेल के पंजूराम कॉलोनी निवासी आर्मी से सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन सुरजीत सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि उनका खाता भारतीय स्टेट बैंक की मॉडल टाउन शाखा करनाल में है। उन्होंने 18 नवंबर को अपने क्रेडिट कार्ड में मोबाइल नंबर बदलने के लिए एक नंबर पर कॉल किया था। लेकिन उनके क्रेडिट कार्ड में दूसरा मोबाइल नंबर डालकर उसके खाते से 860427 रुपये निकाल लिए। मधुबन थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, घरौंडा थाने में भी एक ठगी का मामला दर्ज कराया गया है। अराईपुरा गांव निवासी मोहन सिंह ने शिकायत दी कि 22 नवंबर को सुबह करीब 11.:30 बजे तुलसीदास पेट्रोल पंप के एटीएम पर गया था। वहां उसने पहले 24000 रुपये निकाले, उसी समय वहां दो व्यक्ति और अंदर आ गए। कुछ देर बाद उन लोगों ने उसका एटीएम बदलकर उसके खाते से 67000 रुपये निकाल लिए हैं। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।