करनाल। बुधवार अलसुबह से दोपहर तक हुई 66.8 एमएम बारिश से शहर की 12 कॉलोनियों, तीन सेक्टर और आठ मुख्य मार्गों सहित सार्वजनिक स्थलों पर पानी भर गया। नालों की सफाई में ढिलाई भारी पड़ गई जिससे निकासी व्यवस्था ठप नजर आई।
कई जनप्रतिनिधि पानी की निकासी कराने के लिए बारिश में सड़कों पर दिखे। निगम को निकासी के लिए वार्ड वार पंपसेट लगाने पड़े।
इसके बावजूद ओवरफ्लो सीवरेज और निकासी का समाधान नहीं हो सका। जबकि निगम ने प्री मानसून की तैयारियों में लाखों रुपये का बजट पानी की तरह बहाया। इंद्री में सड़क और पुलिया धंस गई। सीएसएसआरआई की जिला मौसम वेधशाला में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि वीरवार को भी बादल छाए रह सकते हैं और बारिश की संभावना है।