संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कई दिनों से कोरोना के केस कम होते जा रहे हैं लेकिन मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी कोरोना के 90 नए केस आए। जबकि दो लोगों की मौत हो गई। अब तक जिले में 588 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। सीएमओ डॉ. योगेश के अनुसार जिले में कोरोना के 817 सक्रिय केस हैं। बुधवार को 175 मरीज ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटे में 2070 सैंपल लिए गए। जिले में अब तक 696951 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अब तक 47648 पॉजिटिव केस सामने आ चुके थे, जिनमें से 46243 मरीज ठीक होकर घर चले गए।
ये मिले संक्रमित
कोरोना पॉजिटिव मरीजों में आईटीआई का एक विद्यार्थी भी शामिल है। वहीं लगातार डॉक्टर भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमित हो रहे है। बुधवार को पुलिस कर्मचारी, दो लेक्चरर, अध्यापक, स्टाफ नर्स, विद्यार्थी, महिलाएं, मजदूर आदि संक्रमित मिले हैं।
चार मरीज मेडिकल कॉलेज में दाखिल
कोरोना पॉजिटिव केसों में चार मरीज कल्पना चावल राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल हैं। 83 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। एक मरीज प्राइवेट अस्पताल में दाखिल है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
81 जगहों पर 2348 लोगों ने लगवाया टीका
वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। बुधवार को 81 जगहों पर 2348 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। अभी तक जिले में 21 लाख 81 हजार 414 डोज लग चुकी है। इनमें 12 लाख 56 हजार 581 डोज पहली और 9 लाख 16 हजार 240 डोज दूसरी है। इसी प्रकार 8593 बूस्टर डोज है। अब तक 61661 किशोर-किशोरियों को डोज लग चुकी है।