संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कई दिनों से कोरोना पॉजिटिव केस कम होते जा रहे हैं लेकिन मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को 55 नए पॉजिटिव केस आए हैं जबकि दो मरीजों की मौत हो गई। मौत का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि अब तक जिले में 585 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ. योगेश शर्मा के अनुसार मंगलौरा निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति को सिर दर्द और 5 दिन से बुखार, शरीर में सूजन की शिकायत के चलते दाखिल किया था।
31 जनवरी दोपहर को उनकी मौत हो गई। फुसगढ़ निवासी 24 वर्षीय चार महीने की गर्भवती महिला को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में 29 जनवरी की दोपहर दाखिल किया गया था। उन्हें दो दिन से बुखार, खांसी, एक दिन से सांस फूलने की शिकायत थी। 31 जनवरी को उनकी मौत हो गई। जिले में कोरोना के 1124 सक्रिय केस हैं। पिछले 24 घंटे में 1950 सैंपल लिए गए। जिले में अब तक 693155 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अब तक 47459 पॉजिटिव केस सामने आए थे, जिनमें से 45750 मरीज ठीक होकर घर चले गए।
कोविड टेस्ट को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड एंटीजन टेस्ट के रेट कम कर दिये हैं। पहले 250 रुपये टेस्ट का रेट था जो अब 50 रुपये कर दिया है लेकिन सरकारी स्वास्थ्य स्थानों में किए जाने वाले टेस्ट निशुल्क हैं। किसी को प्राइवेट अस्पताल में टेस्ट कराना है तो रैपिड एंटीजन टेस्ट के 50 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर भी पॉजिटिव
कोरोना पॉजिटिव डॉक्टरों की संख्या बढ़ रही है। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रोज डॉक्टर व अन्य कर्मचारी व अधिकारी कोेरोना पॉजिटिव पाया जाता है। इससे अलग अध्यापक, विद्यार्थी, पुलिस कर्मी, सरकारी कर्मचारी, हाउस वाइफ आदि पॉजिटिव आ रहे हैं।