संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। साइबर ठगों ने तीन लोगों से 9.68 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने तीनों की शिकायतों पर अलग-अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव संधीर निवासी पूजा रानी ने बताया कि उसका लंदन से पार्सल आया था। इंस्टाग्राम आईडी से उसका एक व्यक्ति से संपर्क हुआ था, अब उसकी आईडी और मोबाइल नंबर बंद आ रहा है और कोरियर का नंबर भी बंद है। उसे उसने नौ लाख रुपये दिए हैं। उसने अलग-अलग पांच खातों में रुपये ट्रांसफर किए हैं। उसे 13 जून के पार्सल में 50 हजार पौंड की राशि बताई गई थी।
वहीं दूसरे मामले में विकास कॉलोनी निवासी एकता मोर ने बताया कि उसके पास एक कंपनी से कॉल आई और कहा कि आप हमारी कंपनी के लक्की कस्टमर हो। यह झांसा देकर उन्होंने 63501 रुपये ठग लिए। तीसरे मामले में तरावड़ी निवासी रेहान खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने लोन के लिए एक एप डाउनलोड की थी। जिसके जरिए आरोपी ने कॉल कर उससे पांच हजार रुपये मांग लिए।