- दिल्ली, हरियाणा में आरोपी सुनील पर 30, रिशु पर 13 और हरिओम पर दो मामले दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुलिस की सीआईए-वन की टीम ने जिले में लूट व छीनाझपटी जैसी वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। निरीक्षक गुरविंद्र सिंह के नेतृत्व व सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में टीम ने 31 मई को तीन आरोपी सुनील कुमार निवासी द्वारका सेक्टर-18 दिल्ली, हरिओम निवासी नंदग्राम जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश व रिशु गलहोत्रा निवासी ओम विहार उत्तम नगर नई दिल्ली को सेक्टर-4 करनाल की ग्रीन बेल्ट से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद की है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जल्द ज्यादा रुपये कमाने के लालच में लूट, डकैती, स्नैचिंग व चोरी जैसी वारदात को अंजाम देते हैं। इनका मास्टर माइंड आरोपी हरिओम है। हरिओम करनाल में अलग-अलग जगह पर बारदाने सिलाई का काम करता है और सदर बाजार में किराए के कमरे में रहता है। आरोपी पहले बृजमोहन सिंगला की दुकान पर भी बारदाने सिलाई का काम करता था लेकिन कुछ महिनों पहले ही आरोपी बृजमोहन सिंगला की दुकान से काम छोड़कर चला गया था। जिसके कारण आरोपी को बृजमोहन सिंगला के बारे में सारी जानकारी थी।
वारदात को अंजाम देने से तुरंत पहले ही आरोपी हरिओम अपने अन्य साथी आरोपियों को दिल्ली से लेकर आया था। दिल्ली से आने के बाद आरोपियों ने पहले किराए के कमरे में शराब पी और अगले दिन मोटरसाइकिलों पर करनाल व कैथल के नंबरों की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर 18 मई को शिकायतकर्ता किरन देवी से उसकी सोने की चेन छीनने की वारदात की थी। इसी दिन शाम के समय आरोपियों ने पूर्वनियोजित तरीके से रेकी करते हुए शिकायतकर्ता बृजमोहन सिंगला के साथ हथियारों के बल पर लूट की।
आरोपी सुनील पर 30 केस
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी काफी समय से दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के एनसीआर से लूट, डकैती, स्नैचिंग व चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। सुनील के खिलाफ पहले करीब 30 मामले, रिशु के खिलाफ करीब 13 मामले व हरिओम के खिलाफ करीब दो मामले लूट, डकैती, स्नैचिंग व चोरी के दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। कुछ मामलों में आरोपी जमानत पर थे।