दिल्ली निवासी परिवार पूरी तैयारी के साथ आया था लेकिन रिंग सेरेमनी होने से पहले ही अंगूठी समेत जेवर चोरी हो गए। ऐसे में पूरे कार्यक्रम में ही खलल पड़ गया। बाद में दूसरी अंगूठी लाकर रस्म अदायगी की गई।
स्टाफ और वेटर पर जताया शक
अध्यापिका सुमनलता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वेटर की ड्रेस पहने एक युवक बच्चे की मदद कर रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि यह सुनियोजित तरीके की गई चोरी है। हमें शक है कि इसमें होटल का स्टाफ और वेटर शामिल हो सकते हैं। क्योंकि अकेला बच्चा बैग चुराकर होटल से नहीं भाग सकता।
पहले से ही बैग पर थी नजर
सीसीटीवी देखने के बाद ये स्थिति साफ हो जाती है कि इस कार्यक्रम को लेकर चोरों की पहले से ही नजर थी। शुरू से ही बच्चा और उसका एक सहायक अध्यापिका सुमनलता पर नजर रखे थे। इंतजार कर रहे थे कि किस समय वह जेवर और पैसों वाले बैग को रखे। जैसे ही महिला ने बैग को कुर्सी पर रखा तो अचानक से एक लड़का उठकर आया और बच्चे को बैग का इशारा किया।
इसके बाद बच्चा दोबारा से वापस कुर्सी के पास आया और करीब 25 सेकेंड तक वहां खड़ा रहकर बैग लेकर फुर्र हो गया। चोरों को इस बात का पूरा आभास था कि सेरेमनी कार्यक्रम के बाद उनके पास कुछ नहीं आ सकेगा, इसलिए अंगूठी पहनाने से पहले ही उन्होंने बैग को चुरा लिया।
बता दें कि कई बार गिरोह के सदस्यों को बच्चों को आगे करके वारदातों को अंजाम देते हैं। रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे लगता है कि शहर में फिर से ऐसा गिरोह सक्रिय हो गया है जो बच्चों को वारदातों में प्रयोग करता है।
इससे पहले भी कई बार बच्चे बैंकों के बाहर खड़े हो जाते हैं और बुजुर्ग व महिलाओं को निशाना बनाकर उनको ये कहकर कि आपका सामान गिर गया, या फिर आपके कपड़ों पर कीचड़ लगा है। इसी बात को कहकर वे चकमा देकर पैसे छीनकर या फिर चोरी कर फरार हो जाते हैं। अमर उजाला शहरवासियों सलाह देता है कि वे सावधानी बरतें और किसी प्रकार के बहकावे में न आएं।
होटल के बाहर से बच्चा कहां और किसके साथ गया
पुलिस अब होटल के बाहर व आसपास की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ये खोजने की कोशिश कर रही है कि होटल के बेसमेंट से निकला बच्चा आखिर किसके साथ भागा। फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
तलाश जारी, जल्द करेंगे काबू : थाना प्रभारी
इस बारे में सिटी थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में एक बच्चा बैग चुराता दिख रहा है। उसकी तलाशी के लिए छापामारी की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। महिला ने होटल के स्टाफ व वेटरों पर शक जाहिर किया है, उसको लेकर पूछताछ की जा रही है। होटल प्रबंधन का कहना है कि मामले की जांच होनी चाहिए। जो भी इसमें दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसमें होटल स्टाफ शामिल नहीं है।