पिता को एयरपोर्ट छोड़ लौट रहे बेटे और चालक की मौत
- सुबह समाना बाहु के समीप कार की ट्राले से टक्कर के कारण हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी। नई दिल्ली एयरपोर्ट पर अपने पिता को छोड़कर घर लौट रहे पिहोवा निवासी सुरेन्द्र सिंह (25) की जीटी रोड समाना बाहु के पास हादसे में मौत हो गई, वहीं गंभीर हालत के चलते रेफर किए गए कार चालक अमरजीत सिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने सुरेंद्र सिंह का करनाल में और अमरजीत के शव का कुरुक्षेत्र में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए।
गुरमीत सिंह ने बताया कि उसके चाचा बलबीर सिंह इटली में रहते हैं। कुछ दिन पहले वह अपने परिवार से मिलने आए थे। गुरमीत सिंह के अनुसार बुधवार को सुरेंद्र सिंह अपने पिता बलबीर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने शाम छह बजे निकला था। पिता को एयरपोर्ट पर छोड़कर सुरेंद्र सिंह और कार चालक अमरजीत वापस लौट रहे थे। वीरवार सुबह करीब पांच बजे समाना बाहु के समीप कार ने आगे चल रहे एक ट्राले को टक्कर मार दी। ट्राले की चपेट में आने से कुछ मीटर तक कार घिसटती चली गई।
इस हादसे में सुरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और चालक अमरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद चालक ट्राला छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को नीलोखेड़ी सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने सुरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि अमरजीत ने पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
रेंद्र सिंह का करनाल के सरकारी अस्पताल में और अमरजीत के शव का कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए हैं। नवजीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मोहित, जांच अधिकारी, नीलोखेड़ी पुलिस चौकी