असंध। नेशनल हाईवे 709ए स्थित हनुमान कृषि उद्योग में दिनदहाड़े घुसे दो बदमाशों ने मालिक से पिस्तौल के बल पर नकदी भरा बैग लूटने का प्रयास किया लेकिन मालिक ने बहादुरी दिखाते हुए नकाबपोश को दबोच लिया। जब व्यापारी काउंटर से बाहर आने लगा तो दोनों आरोपी भाग गए। थाना प्रभारी बलजीत सिंह पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मालिक सुनील ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने कार्यालय में बैठा था। जबकि लेबर लंच टाइम के कारण खाना खाने गई थी। इसी दौरान दो नकाबपोश आए और उसके कार्यालय में घुस गए। एक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी। दूसरे ने उससे गल्ले के पास रखा कैश का बैग मांगा।
व्यापार्री ने एक आरोपी को पकड़ लिया और नीचे गिरा दिया। वह काउंटर से बाहर आने लगा तो आरोपी साथ वाली गली से दौड़कर फरार हो गए। व्यापारी ने बताया कि उसकी फैक्टरी में सीसीटीवी लगे हैं। लेकिन कैमरा खराब होने के कारण वारदात उसमें कैद नहीं हो पाई। बाद में उसके भाई सुशील ने पुलिस को सूचित किया। थाना इंस्पेक्टर बलजीत ने बताया कि दो नकाबपोश फैक्टरी में लूट की वारदात के उद्देश्य से आए थे। परंतु फैक्टरी मालिक की बहादुरी से लुटेरे भाग गए। उन्होंने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एक करोड़ रुपये की रंगदारी मामले में आरोपी काबू नहीं, व्यापारियों में रोष
करीब एक सप्ताह पूर्व शहर के हीरा राइस मिल मालिक से अज्ञात बदमाशों ने पत्र के माध्यम से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। उसमें भी अभी तक असंध पुलिस को सफलता हासिल नहीं हुई है। आरोपी काबू न होने से व्यापारियों में पुलिस के प्रति रोष है।