इंद्री। चाकू से हमला कर पर्स छीनने का प्रयास कर रहे बाइक सवार का अध्यापिका ने डटकर मुकाबला कर उसे भागने पर मजबूर कर दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अध्यापिका आशा रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह राजकीय माध्यमिक विद्यालय चंद्राव में जेबीटी है। 24 जुलाई को विद्यालय से छुट्टी के बाद जब वह अपनी स्कूटी से घर जा रही थी तुसंग रोड पर राधा स्वामी सत्संग भवन के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार एक व्यक्ति ने स्कूटी में कील लगने की बात कही। महिला ने स्कूटी की गति धीमी की तो आरोपी ने स्कूटी को गिरा दिया। इसके बाद महिला के हाथों पर चाकू से वार कर पर्स छीन लिया। परंतु महिला ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी का डटकर सामना करते हुए पर्स वापस ले लिया। घटनास्थल पर ग्रामीणों को आता देखकर आरोपी फरार हो गया।
थाना प्रबंधक सचिन का कहना है कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।