असंध। गांव चोचड़ा से चोर कारसा लिंक रोड पर कार की टक्कर लगने से एक किसान की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब अलसुबह किसान अपने गांव से खेत में धान की कटाई के लिए जा रहा था। हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
रणधीर निवासी गांव चौचड़ा ने बताया कि वह और उसका भाई ब्रह्मदत सुबह खेत में जीरी काटने के लिए अपने घर से चले थे। उनका खेत गांव चोरकारसा वाली सड़क पर है। जब वह गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर पहुंचे सुबह करीब साढ़े चार बजे उनके गांव की तरफ से एक तेज रफ्तार गाड़ी आई। गाड़ी देखकर वह साथ लगते खेत में कूद गया। जबकि उसके भाई ब्रह्मदत को टक्कर लग गई। इससे उसके भाई का मुंह सड़क पर जा लगा। जिससे वह घायल हो गया। गाड़ी चालक फरार हो गया। इसके बाद वह भाई को असंध के नागरिक अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।