संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कोविड काल से बंद पड़े कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कैंपस में फिर से रौनक लौट आई है। दाखिला लेने के बाद पहली बार विश्वविद्यालय कैंपस पहुंच रहे विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे हैं। सोमवार को पहली बार ऑफलाइन क्लास लगाने विश्वविद्यालय पहुंचे विद्यार्थी उत्साहित नजर आए। क्लास रूम में विद्यार्थियों ने अपना-अपना फेस-टू-फेस परिचय दिया और गुरुजनों के साथ कोरोना काल का अनुभव भी साझा किया। पहले दिन ऑफलाइन क्लास लगाने वालों की संख्या 20 फीसदी बताई गई है।
विवि की ओर से आरटी पीसीआर की (48 घंटे तक) निगेटिव रिपोर्ट और पहली डोज लगवा चुके विद्यार्थियों को ऑफलाइन क्लास लगाने का मौका दिया गया है। उधर, कोविड के चलते मंदी की मार झेल रहे यूनिवर्सिटी मार्केट के दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। दुकानदारों का कहना है कि मार्च 2020 में कोरोना वायरस की दस्तक के बाद काम धंधा चौपट हो गया था। अब कैंपस खुलने के बाद उन्हें राहत मिली है।
पहली बार ऑफलाइन कक्षा लगाने पहुंचीं छात्राएं
आईआईएचएस में पहली बार गृह विज्ञान की ऑफलाइन क्लास लगाने पहुंची छात्राएं उत्साहित नजर आई। प्रथम वर्ष की छात्राओं का कहना है कि जब उन्हें केयू कैंपस 22 नवंबर से खुलने की सूचना मिली तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ऑनलाइन क्लास के दौरान सिर्फ नाम का पता चला। आज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में जब वे क्लास लगाने पहुंची तो वे एक-दूसरे से मिले। छात्रा तनवी, महक, परमजीत और दिव्या ने बताया कि पहले दिन ही उनकी 20 छात्राओं के साथ दोस्ती हुई। उन्होंने कहा कि वह कोविड के बाद घर से बाहर ही नहीं निकले, लेकिन वह अब रोजाना क्लास में पहुंच पढ़ाई करेंगे।
कोविड के चलते ऑनलाइन चली क्लास, अब निकले घर से बाहर: दिव्या शर्मा
रादौर वासी दिव्या शर्मा ने बताया कि कोविड के चलते कक्षा 12वीं की सारी पढ़ाई ऑनाइन चली। विश्वविद्यालय में दाखिले लेने के लिए सारी प्रक्रिया ऑनलाइन ही चली। दाखिला लेने के बाद सोमवार को पहले दिन वह यूनिवर्सिटी पहुंची। यहां क्लास रूम के बैंच पर बैठकर पहली ऑफलाइन क्लास लगाई। शिक्षकों से रूबरू होकर उन्हें काफी अच्छा लगा।
बाक्स
फोटो-21
पहले व्हाट्सएप पर होती थी हाय-हैलो, आज हुई पहली बार मुलाकात: परमीत
गांव अंटेहड़ी वासी परमीत ने बताया कि उन्होंने बीएससी होम साइंस में दाखिला लिया है। कैंपस खुलने से पहले शिक्षकों की ओर से व्हाट्सएप पर क्लास का विशेष ग्रुप बनाया हुआ था, जिसमें सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों जोड़ा गया था। ग्रुप में उनकी हाय-हैलो जरूर होती थी, लेकिन आज पहली बार मुलाकात हुई। नए दोस्तों से मिलकर काफी अच्छा लगा।
विद्यार्थी उत्साहित, नहीं आने दी जाएगी परेशानी: डॉ. दीपक राय
कुरुक्षेत्र वश्विविद्यालय लोक संपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. दीपक राय ने बताया कि पहले दिन विश्वविद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों में काफी उत्साह है। विश्वविद्यालय की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कहा कि जिन विद्यार्थियों को पहली लिस्ट में हॉस्टल नहीं मिला है, उन विद्यार्थियों को जल्द हॉस्टल उपलब्ध कराएं जाएंगे। विवि की ओर से विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।