करनाल। पुलिस परीक्षा भर्ती को 13 दिन बीत चुके हैं लेकिन जिला पुलिस अभी तक मुख्य आरोपी पुलिस कर्मी प्रवेश व आंसर की के मामले में आरोपी अभिमन्यु को गिरफ्तार नहीं कर पाई। इन दोनों आरोपियों केपकड़े जाने पर ही इस मामले में जांच आगे बढ़ेगी।
फरार पुलिस कर्मी अभिमन्यु के पिता भी सब इंस्पेक्टर हैं जो रोहतक में ही तैनात हैं। पुलिस ने उनसे भी पूछताछ की लेकिन प्रवेश के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं हरियाणा सरकार लिखी बोलेरो गाड़ी से मिली 25 लाभार्थियों के नामों की लिस्ट से भी पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा है, क्योंकि इस लिस्ट की एसपी गंगाराम पूनिया ने भी जांच की है। परीक्षा केंद्र की लाभार्थी सूची में गाड़ी से मिली लिस्ट के अनुसार एक ही नाम के कई लाभार्थियों के नाम सामने आए थे। इस कारण सूची की जांच भी वहीं रुक गई है। एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि पुलिस कर्मी प्रवेश को पकड़ने के लिए सीआईए की टीमें लगातार छापामारी कर रही है। उसके पकड़े जाने पर पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।