करनाल। यॉशी कंपनी द्वारा सर्वे करने के बाद जारी की गई नई प्रॉपर्टी आईडी में भी बड़ी संख्या में अशुद्धता है, जिन्हें दुरुस्त कराने के लिए पिछले कई दिनों से खुले में लगाए गए काउंटर पर भीड़ जुट रही है। इसमें कोरोना की हिदायतों की अनदेखी तो हो ही रही है, साथ ही बुजुर्गों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। कई बुजुर्गों ने सीनियर सिटीजन के लिए अलग से काउंटर लगाने की मांग भी की है।
यॉशी कंपनी ने ड्रोन से शहर की संपत्तियों का सर्वे किया था, लेकिन उसमें करीब 60 प्रतिशत से अधिक गलतियां आईं थी, दोबारा सर्वे किया गया। इसके बाद कंपनी ने दोबारा सर्वे रिपोर्ट दी तो उस पर नई संपत्ति आईडी जारी की गई। अब जो नोटिस बांटे गए हैं, उनमें नई व पुरानी दोनों आईडी अंकित की गई हैं। लेकिन इसके बावजूद किसी का नाम गलत है तो किसी को मोबाइल फोन नंबर ठीक नहीं लिखा है। किसी के पिता का अशुद्ध है तो किसी का मकान नंबर ही बदल गया तो किसी पता गलत लिख गया है, जिसे शुद्ध कराने के लिए नगर निगम ने एक पखवाड़े का समय दिया था। यही कारण है कि संपत्ति आईडी को दुरुस्त कराने के लिए यहां काउंटर पर भीड़ जुट रही है।