संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुलिस उप निरीक्षक पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगा है। आरोप है कि एक हैचरी मालिक और उनके पिता का अमेरिका का टूरिस्ट वीजा लगवाने के नाम पर सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड में कार्यरत एसआई ने छह लाख रुपये ले लिए। वीजा न लगने पर पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टाल मटोल करता रहा। इसके बाद आरोपी ने एक चेक दे दिया। पीड़ित ने चेक बैंक में लगाया तो पता लगा कि इस चेक से संबंधित खाता 16 साल पहले ही बंद हो चुका है। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी गंगाराम पूनिया से की। एसपी के आदेश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने एसआई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहर की दुग्गल कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने बताया कि उसकी पहचान कैथल जिले के गांव मांडवाल निवासी सतपाल से है। सतपाल हरियाणा पुलिस में एसआई है और करीब दो वर्ष पहले वह सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड में कार्यरत था। पीड़ित ने बताया कि दो साल पहले सतपाल ने उससे कहा कि उसके कई रिश्तेदार अमेरिका और कनाडा में रहते हैं। वह लोगों को कानूनी तरीके से विदेश भेजने का काम भी करता है। सतपाल हरियाणा पुलिस में था तो अमित को यकीन हो गया। अमित ने अपना और पिता का अमेरिका का टूरिस्ट वीजा लगवाने की इच्छा जाहिर की। छह लाख रुपये में सौदा हो गया। अमित ने सतपाल को छह लाख रुपये और वीजा के लिए जरूरी कागजात सतपाल को दे दिए।
कई महीने तक वीजा न लगने पर अमित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टरकाता रहा। आरोपी उसे कोर्ट में मिला। तब उसने रुपयों की मांग की तो उसे 5.75 लाख रुपये का चेक दे दिया। पीड़ित ने चेक बैंक में लगाया तो पता लगा कि इस चेक से संबंधित खाता 16 साल पहले ही बंद हो चुका है। अब आरोपी एसआई फोन तक नहीं उठा रहा है।