माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा बोर्ड की ओर से कक्षा बारहवीं की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। बुधवार को हिंदी विषय की परीक्षा हुई। विद्यार्थी मातृ भाषा की परीक्षा में भी अटकते नजर दिए। करीब 200 विद्यार्थी तो परीक्षा में पहुंचे ही नहीं। वहीं, अलग-अलग केंद्रों पर दो छात्र पर्ची से नकल करते पकड़े गए। दोनों के खिलाफ फ्लाइंग ने यूएमसी बनाकर बोर्ड को भेज दिया है।
परीक्षा के पहले दिन अव्यवस्था का आलम भी दिखा। कई केंद्रों पर तय समय से पहले ही परीक्षा पूरी करके विद्यार्थी केंद्रों से बाहर आते दिखाई दिए। जबकि नियम के अनुसार परीक्षा पूरी करने के बाद एक साथ विद्यार्थियों को बाहर भेजा जाना चाहिए। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जिले में 65 केंद्रों पर करीब 12 हजार विद्यार्थियों ने हिंदी विषय की परीक्षा दी। विभिन्न केंद्रों पर जिला शिक्षा अधिकारी समेत नौ फ्लाइंग ने दस्तक दी।
अभिभावक करते रहे इंतजार
कई केंद्रों पर विद्यार्थियों को परीक्षा दिलाने के लिए अभिभावक साथ आए। दोपहर साढ़े 12 बजे से तीन बजे तक परीक्षा का समय था। ऐसे में अभिभावक केंद्रों के बाहर विद्यार्थियों का इंतजार करते दिखाई दिए। किसी ने पार्क में बैठकर समय बिताया तो किसी ने अन्य विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ बातचीत करके समय व्यतीत किया।
किसी के चेहरे खिले तो कोई दिखा मायूस
परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्रों से बाहर आते समय अच्छा पेपर होने पर किसी का चेहरा खिला दिखाई दिया तो किसी की परीक्षा अधूरी रहने पर मायूस नजर आया। छात्रा अंशिका, लोकेश और सोनम ने बताया कि वे ऑब्जेक्टिव टाइप चार प्रश्नों के उत्तर नहीं दे पाए। देव्यानी और पूजा ने बताया कि उनका पेपर तय समय में पूरा हो गया था। सभी प्रश्नों के उत्तर लिखे हैं।
गड़बड़ी है तो कंट्र्रोल रूम में लगाएं फोन
किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल या हस्तक्षेप या किसी केंद्र अधीक्षक, सुपरवाइजर की ड्यूटी में कोताही या अनुशासनहीनता पाई जाती है तो अभिभावक इसकी शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए भिवानी स्थित बोर्ड मुख्यालय कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज करनी होगी। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 8816840349 व दूरभाष नंबर 01664-254603, 254604 जारी किया गया है।
परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। दो ग्रामीण केंद्रों पर नकल करते हुए दो छात्रों को फ्लाइंग ने पकड़ा है। दोनों छात्र पर्ची से सवालों के जवाब लिखते मिले। इनके खिलाफ यूएमसी बनकर बोर्ड को भेज दी है। नकल रहित परीक्षाएं कराना हमारा उद्देश्य है।
-वीरेंद्र सिंह ढुल, जिला अधीक्षक, हरियाणा बोर्ड
परीक्षा से पूर्व दिलाई नकल न करने की शपथ
निसिंग। कस्बे के विभिन्न गांवों के विद्यार्थियों के वार्षिक परीक्षा के लिए तीन सेंटर बनाए गए, जिनमें से राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में दो व एक सेंटर राजकीय कन्या स्कूल बनाया गया। जिनमें क्षेत्र के 713 बारहवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा होनी थी, लेकिन हिंदी विषय के पहले पेपर में 11 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। जिनमें से पांच राजकीय कन्या स्कूल एवं छह माडल संस्कृति स्कूल सेंटर के थे। प्रिंसिपल डॉ. ज्योत्सना मिश्रा ने बताया कि परीक्षा से पूर्व विद्यार्थियों को नकल न करने की शपथ दिलाई गई। राजकीय कन्या स्कूल के सुपरिटेंडेंट संदीप सिंह, ऑब्जर्वर अनीता कांबोज, विक्रम सिंह व प्रिंसिपल साहब सिंह ने बताया कि सेंटर पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा ली गई। संवाद