माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कर्ण नगरी के बेटे शूटर अनीश बनवाला ने एक बार फिर जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। पैरू के लीमा शहर में हुई आईएसएस जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में अनीश ने दो प्रतियोगिताओं में भाग लिया। टीम इवेंट में उन्होंने स्वर्ण और मिक्स इवेंट में रजत पदक जीता। चैंपियनशिप 27 सितंबर से लेकर 10 अक्तूबर तक आयोजित हुई थी।
अनीश ने बताया कि 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम इवेंट में उन्होंने जर्मनी को 10-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। जबकि 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल मिक्स इवेंट में उनके साथ भारत की ओर से शूटर तेजस्वनी भी खेली। दोनों ने मिलकर रजत पदक जीता। उन्होंने बताया कि इससे पहले 2017 में हुई जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के पांच पदक जीते थे। जिसमें दो स्वर्ण, दो सिल्वर और दो ब्रांज हैं। अब उनके पास जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के कुल सात पदक हो गए हैं। जिनमें तीन स्वर्ण, दो सिल्वर और दो ब्रांज हैं। ब्यूरो