संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। अमेरिका भेजने के नाम पर युवक से 32 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। असंध निवासी निरवैर सिंह ने आरोप लगाया कि वह और उसके पिता विदेश जाना चाहते थे। वह अपने पासपोर्ट पर 2021 में दुबई गया था। वहां उसे अमृतसर निवासी कुलवंत उर्फ राजा मिला था। उसने कहा कि वह उसे सीधे न्यूयार्क भेज देगा। इसके लिए उसने 32 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के भाई अर्शदीप ने 4.50 लाख रुपये आरोपी राजा के खाते में गुगल पे से भेज दिए। दो लाख रुपये आईसीआईसीआई बैंक से और ढाई लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से दिए।
वह आरोपी के कहने पर 4 मार्च 2022 को दिल्ली आ गया और दिल्ली में क्लासिक होटल महिपालपुर हाईवे रूम नंबर 304 में करीब 10 दिन रहा। उसने अपने भाई अर्शदीप से कहा कि राजा उसके पास असंध आएगा तो साढ़े चार लाख रुपए दे देना। आरोपी राजा उसके भाई से साढ़े 4 लाख रुपये लेकर चला गया। आरोपी राजा ने उसके पिता कस्तूर सिंह को फोन करके कहा कि बकाया 24 लाख रुपये लाडवा गीता अनाजमंडी दुकान संख्या 33, वंश ट्रेडिंग कंपनी पर दे आओ।
सात मार्च 2022 को 18 लाख रुपये बैंक से निकलवाकर व छह लाख रुपये अपने रिश्तेदार से लेकर कुल 24 लाख रुपये उक्त दुकान पर उसके परिवार वाले दे आए। वहां मिले आरोपी राजा, विकास वासी गांव बैरसाल, करनाल, जय भगवान वासी इंदी रोड, शेखपुरा ने उन्हे वंश इंटरप्राइजेट के लेटर पैड पर मोहर लगाकर लिखकर दिया कि अगर लड़का विदेश नहीं जा सका तो वह पैसे वापस कर देंगे। 13 अप्रैल को राजा ने उसे वाट्सएप से टिकट भेजी। 14 अप्रैल को आरोपी का जानकार प्रमोद वासी दिल्ली उसे एक ढाबे पर मिला। उसके इमीग्रेशन डाक्यूमेंट पर हस्ताक्षर करवाए और कहा कि ये डाक्यूमेंटस ऑनलाइन अमेरिका में पीसीसी करने बारे हैं।
21 अप्रैल को राजा दिल्ली में मिला तो उससे पासपोर्ट मांगा। वह बोला कि आप एयरपोर्ट पर पहुंचो मैं दस्तावेजों के साथ वहीं मिलूंगा हम सभी एयरपोर्ट पर गए, लेकिन उन्हें राजा नहीं मिला। प्रमोद व मनीष को भी फोन करते रहे, लेकिन फोन बंद कर दिए। पुलिस ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।