- वीबी-जी-राम जी योजना के तहत जल संरक्षण, स्कूलों की चारदीवारी और मरम्मत के होंगे काम
करनाल। जिले के गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए चालू वित्त वर्ष में करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वीबी-जी-राम जी योजना के तहत इस राशि से जल संरक्षण, स्कूलों की सुविधाओं में सुधार, भूजल पुनर्भरण और ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने पंचायत एवं विकास विभाग के अधिकारियों को इन कार्यों को अगले दो सप्ताह में शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में डीसी ने सभी बीडीपीओ और सहायक खंड कार्यक्रम अधिकारियों से गांवों की जरूरत के अनुसार विकास कार्यों की सूची तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यों के एस्टीमेट जल्द बनाकर स्वीकृति के लिए भेजे जाएं, ताकि बजट का समय पर उपयोग हो सके और गांवों में विकास कार्य धरातल पर दिखाई दें।
योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत स्कूलों की चारदीवारी बनवाने, जर्जर कक्षा-कक्षों की मरम्मत, भूजल स्तर सुधारने के लिए पुनर्भरण संरचनाओं के निर्माण और नर्सरी विकसित करने जैसे काम कराए जा सकेंगे। इसके अलावा ग्रामीण आजीविका और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य भी योजना में शामिल हैं।
60:40 अनुपात में रहेगी श्रम और निर्माण सामग्री खर्च
डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सभी कार्यों के एस्टीमेट में श्रम और निर्माण सामग्री का अनुपात 60:40 रखा जाए। उन्होंने बताया कि मनरेगा के स्थान पर लागू इस योजना में अकुशल मजदूरों को साल में 100 की बजाय 125 दिन रोजगार देने की गारंटी का प्रावधान है। इससे ग्रामीण विकास के साथ रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में एडीसी डा. राहुल रईया, बीडीपीओ गुरमलक, सोमवीर खटकड़, शिखा, उमेद सिंह, साहब सिंह, प्रशांत कुमार, मोनिका आदि मौजूद रहे। संवाद