संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। अवैध रूप से चल रहे ब्लीच हाउस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर ब्लीच हाउस के ट्यूबवेल को सील कर दिया और जांच के लिए पानी के नमूने लिए। बताया जा रहा है कि ब्लीच हाउस को एक वर्ष पूर्व सील किया गया था। लेकिन ब्लीच हाउस के संचालक ने गैरकानूनी तरीके से उसकी सील तोड़कर काम शुरू कर दिया।
शुक्रवार को हाईवे के पास रेस्ट हाउस से कुछ दूरी पर स्थित इस ब्लीच हाउस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व प्रदूषण विभाग ने छापामारी की। इस ब्लीच हाउस में प्रदूषण मानकों के अनुसार काम नहीं हो रहा था। इस दौरान मौके पर पहुंचे पॉल्यूशन विभाग के अधिकारियों ने ब्लीच हाउस में इस्तेमाल किए जा रहे पानी के सैंपल लिए और यहां पानी की आपूर्ति के लिए लगाए गए ट्यूबवेल को सील लगा दी।
अधिकारियों ने बताया कि बीते वर्ष भी इस ब्लीच हाउस को सीलबंद किया गया था, लेकिन ब्लीच हाउस मालिक ने सील तोड़कर दोबारा से ब्लीचिंग का काम शुरू कर दिया। ब्लीच हाउस चलने की सूचना पर विभाग ने मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदूषण नियंत्रण विभाग एसडीओ निपुण गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ ब्लीच हाउस में छापामारी की गई थी। विभाग ने एक वर्ष पूर्व भी इस ब्लीच हाउस को सील किया था। ब्लीच हाउस के ट्यूबवेल को सील कर पानी के नमूने लिए गए हैं।