माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बंदर को अपने घर में रखने और उसे कपड़े पहनाकर उसका वीडियो फेसबुक, यू-ट्यूब, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया पर डालना शहर के एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद वन्य जीव विभाग पानीपत के इंस्पेक्टर ने करनाल के सेक्टर 32/33 थाने में इस व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
वन्य जीव विभाग पानीपत के इंस्पेक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करनाल में मेरठ रोड स्थित पृथ्वी विहार के राहुल सिंघला बंदरों के बच्चों को घर में बंधक बनाकर रखता है। वन्य जीव को पालना, पकड़ना, कैद में रखना और उनका तमाशा करना वन्य जीव अधिनियम के तहत अपराध है। आरोप है कि राहुल सिंघला बंदर के बच्चों को कपड़े पहनाकर ऑनलाइन फेसबुक, यू-ट्यूब और इंस्ट्राग्राम पर फॉर एडिट के नाम पर वीडियो चलाता है। राहुल सिंघला को इससे पहले भी कई बार समझाया गया। पुलिस ने दो बच्चों को पहले भी छुड़वा भी दिया था, लेकिन राहुल नहीं माना। शिकायत के साथ एक वीडियो भी संलग्न की गई है।
सेक्टर 32/33 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर
जांच शुरू कर दी है।