पोल्ट्री फार्मों की गंदगी की वजह से करनाल जिले के गांव रसूलपुर और आसपास के अन्य गांवों पनप रही मक्खियों से परेशान ग्रामीणों ने सरकार से इस समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है। प्रशासन ने ग्रामीणों को समस्या का स्थायी समाधान के लिए आश्वस्त किया है। लेकिन पहले ही दिन सफाई करवाने पहुंचे एक जेई व पटवारी ने पोल्ट्री फार्म में सफाई करवाने की बजाए गलियों की सफाई करवाई है। ग्रामीणों ने प्रशासन की आदेश पर गांव की मुख्य सड़कों पर झाडू लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तो गंदगी का नाम ही नहीं है। मक्खियां तो पोल्ट्री फार्म की गंदगी से फैल रहीं है। प्रशासन पोल्ट्री फार्म को बंद करवाने की बजाए ग्रामीणों से अपने गांव की सफाई करवाने पर जोर दे रहा है। प्रशासन द्वारा सफाई कार्य के लिए कर्मचारी भी मुहैया नहीं करवाए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक दो पोल्ट्री फार्म में स्प्रे की है। लेकिन इस प्रयास से मक्खियों की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
सरपंच रामेश्वरदास ने बताया कि रविवार को एक जेई व पटवारी गांव में सफाई करवाने पहुंचे थे। उनके कहने पर करीब 30 से 35 ग्रामीणों ने सड़कों की सफाई की है। उन्होंने कहा कि गांव में कहीं पर भी सफाई व्यवस्था का अभाव नहीं है। मक्खियां पोल्ट्री फार्मों की गंदगी से बढ़ रही हैं। इसके लिए प्रशासन ने अगस्त तक का समय मांगा है। यदि इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो पूरा गांव यहां से पलायन करेगा।