संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुणे में आयोजित हुई प्रो कबड्डी लीग में हरियाणा स्टीलर्स ने पटना पाइरेट्स को 32-23 के स्कोर से हराकर अपना पहला पीकेएल खिताब जीता है। इस खिताब को लेकर करनाल के खिलाड़ियों और कोच की भी अलग-अलग राय है, हालांकि खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर सभी ने सराहना की है।
बता दें कि पीकेएल के अब तक 11 सीजन हो चुके हैं और हरियाणा स्टीलर्स 2017 में पहली बार पीकेएल में दिखाई दी थी। हरियाणा स्टीलर्स के लिए, शिवम पटारे ने 9 अंक बनाए, शादलूई ने 7 अंक हासिल किए, और विनय ने छह अंक जोड़े। हरियाणा स्टीलर्स ने पहले कुछ अंक जुटाए और शुरुआती आदान-प्रदान में बढ़त बना ली। देवांक और अंकित पटना पाइरेट्स के लिए लड़ रहे थे।
कोच ही खिलाड़ी को दिखाता है रास्ता
कबड्डी कोच अमित ने बताया कि हरियाणा स्टीलर्स अपने नाम ये खिताब अगर कर पाया है तो सिर्फ अपने कोच मनप्रीत के कुशल नेतृत्व के कारण। किसी भी खेल में कोई भी खिलाड़ी यदि अपने कोच की बात सुनता है तो वो भी आने वाले समय में एक बड़ा खिलाड़ी बन सकता है, क्योंकि कोच ही खिलाड़ी को आगे जाने का रास्ता दिखाता है।
सभी खिलाड़ी बेहतर खेले
कबड्डी खिलाड़ी अभिषेक का कहना है कि हरियाणा स्टीलर्स ने मैच की शुरुआत से ही अच्छी बढ़त बना ली थी, जिससे उनको मैच के दूसरे हाफ में काफी मदद मिली थी। सभी खिलाड़ी अच्छा खेले, लेकिन शादलुई ने अपनी टीम को ऑल आउट होने से बचाया और पटना पाइरेट्स को ऑल आउट भी किया।
बेहतर करने का करेंगे प्रयास
कबड्डी खिलाड़ी विनय ने कहा कि वह हरियाणा स्टीलर्स के शिवम पटारे को अपना आदर्श मानते हैं और उनको देख कर ही कबड्डी में रेड की तकनीक सीखते हैं। जिस तरह से वो रेड करते हैं, उनका अंदाज ही कुछ अलग है। वह भविष्य में अच्छा खिलाड़ी बनने का प्रयास करेंगे।
सरकार खिलाड़ियों के लिए करे व्यवस्था
कबड्डी खिलाड़ी दीपक ने बताया कि हरियाणा में बच्चों को कबड्डी खेलने का काफी शौक है और बच्चे अपने स्कूलों में कबड्डी खेलते भी हैं, लेकिन उनको आगे जाने का कोई रास्ता नहीं मिलता तो वह अपना खेल छोड़ देते हैं। इसलिए सरकार को उनके लिए कुछ करना चाहिए ताकि वो भी आगे जाकर ऐसे ही हरियाणा व देश का नाम चमका सकें।