संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शराब ठेकेदार से दो लाख रुपये हर महीने रंगदारी मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि रंगदारी के दो लाख रुपये उसे नहीं दिए तो वह शराब के ठेके चलने नहीं देगा। यह मामला सेक्टर-32, 33 थाने में दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार पानीपत के गांव बलाना निवासी कुलविंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 12 जून से उसकी कंपनी ने फूसगढ़, सेक्टर 6, 8, 9 में शराब के ठेके लिए हैं। वहां रोबिन लाठर नाम का एक व्यक्ति आया और दो लाख रुपये महीना रंगदारी की मांग की। वह 20 जून को ठेके पर आकर रंगदारी न देने पर धमकी दे गया और सेल्समैन से छह बोतल अंग्रेजी शराब भी ले गया।
इसके बाद 23 जून को वह व्यक्ति दोबारा ठेके पर आया और कहा कि दो लाख रुपये महीना रंगदारी नहीं दी तो वह शराब का ठेका चलने नहीं देगा। इस शिकायत पर 26 जून को मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच एएसआई संदीप कुमार थाना सेक्टर-32/33 को सौंपी गई। जांच करते हुए 27 जून को टीम के सहयोग से आरोपी रोबिन लाठर निवासी फूसगढ़ को सूचना पर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बदमाश किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पहले भी करनाल के थाना सदर में आबकारी अधिनियम, जान से मारने की धमकी देने, आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास और झगडे़ के चार मामले व थाना सिविल लाइन में हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी फिलहाल जमानत पर था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।