संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कुरुक्षेत्र की एक युवती कैथल जिले में शादी में गई थी। जहां उसकी एक रिश्तेदार युवती से पहचान हो गई। उसी रिश्तेदार युवती ने उसकी बातचीत अपने भाई से कराई और मंदिर में शादी के फोटो, शपथ बनाकर शादी करने का दावा किया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने युवक, उसके माता पिता व बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुरुक्षेत्र जिले के शांतिनगर निवासी बीरबल ने पुलिस अधीक्षक करनाल को दिए शिकायती पत्र में कहा कि उसकी बेटी खुशबू नवंबर 2017 में अपने फूफा की भतीजी की शादी में कैथल जिले के गांव जडौला में गई थी। वहां उनके परिवार की ही लड़की अन्नू से उसकी मुलाकात हो गई। इसके बाद खुशबू घर लौटी लेकिन अन्नू से बातचीत होती रही। कुछ दिन बाद अन्नू ने उसे अपने भाई अंकित मैहला के फोन से शादी में ली गई कुछ तस्वीरें भेजी। इसके बाद अन्नू उससे अपने भाई से बात करने का दबाव बनाने लगी। 2018 में खुशबू ने आईएलईटीएस किया। आरोप है कि इसके बाद अन्नू ने उसके भाई से शादी करने और उसे भी अपने साथ विदेश ले जाने का दबाव बनाया लेकिन खुशबू ने इनकार कर दिया। 2019 से दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। इसी बीच परिजनों ने खुशबू की शादी तय की तो अंकित ने उसमें अड़चनें डालनी शुरू कर दी। 15 जून को अंकित मैहला के पिता ऋषि पाल ने खुशबू के पिता को फोन करके बताया कि अंकित व खुशबू ने 11 जून-2020 को मां ज्वाला लाल मंदिर राजीव पुरम गली नंबर 2 करनाल में शादी कर ली है। खुशबू के फूफा को अंकित व ऋषि पाल द्वारा दिए गए फर्जी शादी की फोटो, एफिडेविट व कागजात की कॉपी दी, जिसे लेकर खुशबू के घर आए। मंदिर में जाकर पता किया तो पुजारी ने शादी के साक्ष्य दिखाए। जो सभी फर्जी थे। हस्ताक्षर भी फर्जी थे। फोटो एडिट किए हुए थे। रिकार्ड के अनुसार शादी 11 जून-2020 को मंदिर में संपन्न हुई। शपथ पत्र 12 जून का है। जबकि खुशबू 11 जून-2020 को अपने मामा के लड़के के जन्मदिन पर गांव बीड़ अमीन जिला कुरुक्षेत्र गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सेक्टर 32-33 थाना पुलिस ने अंकित मैहला, ऋषि पाल, अन्नु व उसकी माता के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी, 420, 467, 468 व 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फोन खरीदने पर दोस्त ने दिया ताना, दो गुटों में झगड़ा, केस दर्ज
निसिंग। गांव कतलाहेडी में एक युवक ने नया फोन खरीदा तो पड़ोस के दोस्त ने उसको ताना मार दिया। जिसको लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। जो बढ़ते हुए दो गुटों में बदल गया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सात लोगों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी ऋषिपाल ने बताया कि कतलाहेडी निवासी सागर ने मामले में पुलिस को शिकायत दी है। जिसमें मुख्य आरोपी कुलदीप व अभिषेक है। हांलाकि दोनों गुटों में हुए झगड़े में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद