निर्वाचन अधिकारी गगनदीप सिंह के पास चुनाव चिन्ह लेने जाती भाजपा प्रत्याशी सरिता कालड़ा। संवाद
करनाल। नगर निगम के वार्ड संख्या 7 के पार्षद पद के लिए हो रहे उप चुनाव में शनिवार को नाम वापसी का दिन था। अपराह्न तीन बजने में कुछ ही समय शेष था। निर्दलीय दोनों ही प्रत्याशी यहां पहुंचे। एक प्रत्याशी पंकज कौशिक ने तो नाम वापस ले लिया, लेकिन भाजपाइयों के लाख मनाने के बावजूद नवीन नहीं माने। इससे अब यहां भाजपा की सरिता कालड़ा और निर्दलीय नवीन कुमार के बीच सीधा मुकाबला होना तय हो गया है।
वार्ड संख्या 7 के पार्षद सुदर्शन कालड़ा के कोरोना से निधन से रिक्त हुए पद पर हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उपचुनाव अधिसूचित किया गया है। इसके तहत मतदान तीन अक्तूबर को होना है। नामांकन प्रक्रिया 17 सितंबर को शुरू हुई थी, जो शनिवार को नाम वापसी का समय निकलने के साथ संपन्न हो गई। सुदर्शन कालड़ा की पत्नी सरिता कालड़ा को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाकर नामांकन कराया है। इस दौरान कंज कौशिक व नवीन कुमार ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन कराया। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद शनिवार को नाम वापस का दिन था।
भाजपा नेता निर्दलीय प्रत्याशियों को आमसहमति बनाकर उनका पर्चा वापस कराने का प्रयास कर रहे थे। जब तीन बजने में कुछ समय ही शेष रह गया तो भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, महापौर रेणू बाला गुप्ता, बृजभूषण गुप्ता आदि भाजपा नेता पहुंचे। इसी दौरान पंकज कौशिक ने निर्वाचन अधिकारी के पास जाकर अपना नामांकन वापस ले लिया। इसी समय यहां पहुंचे प्रत्याशी नवीन कुमार के साथ भाजपाइयों ने कई बार बातचीत की लेकिन हर कोशिश बेकार गई। नवीन कुमार ने निर्वाचन अधिकारी के पास जाकर कहा कि वह चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी गगनदीप सिंह ने सरिता कालड़ा को कमल का फूल और नवीन कुमार को शंख चुनाव निशान आवंटित कर दिया। इसके साथ ही अब चुनाव होना तय हो गया।
12....... उम्मीद्वार नवीन।
निर्वाचन अधिकारी गगनदीप सिंह नाम वापिस लेते पंकज। संवाद