गांव जैनपुर में वीरवार को छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में गांव की महिलाओं ने एक सरकारी स्कूल के शिक्षक की जमकर धुनाई की। इस दौरान स्कूल में काफी हंगामा हुआ।
गांव की महिलाओं ने स्कूल में जाकर न केवल जमकर हंगामा किया, बल्कि आरोपी शिक्षक की जमकर परेड भी की।
गांववासी बलजेश, जितेंद्र, बबला, सलिंद्र, नफे सिंह, श्री राम, चंद्र पाल, रेश्मा, संतरो, कृष्ण, सुमन लता, सोमो, निर्मला, मीना, उर्मिला, अंजू, बबली और गांववासियों ने आरोप लगाया की आरोपी शिक्षक न केवल स्कूली छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करता था, बल्कि उन्हें मोबाइल में अश्लील फिल्में भी दिखाता था।
उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी छात्राओं ने परिजनों को दी थी, जिसके बाद गांववासियों ने स्कूल में हंगामा किया और शिक्षक की जमकर पिटाई की। घटना की सूचना मिलते ही लाडवा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ स्कूल में पहुंचे और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान गांववासियों ने पुलिस की गाड़ी का घेराव कर आरोपी शिक्षक को सरेआम दंडित करने की मांग की। थानाध्यक्ष ने गांववासियों को समझाया और आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उसे थाने ले आई। समाचार लिखे जाने तक लाडवा थाने में इस संबंध में गांववासियों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
वहीं आरोपी शिक्षक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश बताया और कहा कि उन्हें सोची समझी चाल के तहत फंसाया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल के ही एक शिक्षक राजपाल ने उसके मोबाइल पर अपने मोबाइल से अश्लील वीडियो भेजी थी। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया।
इस बारे में खंड शिक्षा अधिकारी आरके. भारद्वाज से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि इस सारी घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। जो भी कार्रवाई बनेगी उसके तहत आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि सचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई थी और शिक्षक को थाने लाया गया। उन्होंने बताया कि जैसे ही उनके पास लिखित शिकायत आएगी, शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।