संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी। विधायक जी.. नीलोखेड़ी में पुलिस का रवैया ठीक नहीं है। यहां चोरी के आरोपियों की पहचान बताने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती। लगातार सुपर स्टोर में सातवीं बार चोरी हुई है। इससे पहले भी पिछले कुछ दिनों में कई वारदात हो चुकी हैं। कुछ इस तरह से दुकानदारों ने अपने दर्द को विधायक भगवानदास कबीरपंथी के समक्ष रखा।
जुनेजा सुपर स्टोर पर हुई सातवीं चोरी के चार दिन बीत जाने पर भी पुलिस के हाथ खाली हैं। दुकानदारों में रोष के चलते विधायक भगवानदास कबीरपंथी दुकान मालिक से जाकर मिले। दुकान मालिक लक्की जुनेजा ने बताया कि उन्होंने इस चोरी के सहित अपनी पिछली चोरियों को लेकर पुलिस को आरोपी की पहचान बताई थी। बावजूद इसके पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच पाई। उन्होंने पुलिस और जांच अधिकारी पर अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया। इससे स्थानीय दुकानदारों में रोष है।
विधायक ने कहा कि इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक से मिलकर दुकानदारों की परेशानी से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए जाने की बात कही। विधायक ने पुलिस चौकी प्रभारी नरेन्द्र कुमार को मौके पर बुलाकर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश दिए।
व्यापारी बोले, कई दुकानों में हो चुकी चोरी, गश्त भी नहीं
व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने विधायक को बताया कि पिछले कुछ महीनों में इस दुकान के साथ-साथ अन्य कई चोरी हुई हैं। जिनसे पीडि़त दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस में बार-बार शिकायत देने के बावजूद न तो चोरों की पहचान हो सकी और न ही प्रभावी गश्त की व्यवस्था की गई। दुकानदारोंं ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।