माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बिजली निगम की मनमानी एक बार फिर सामने आई है। जनसुनवाई के दौरान जब करनाल विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने समस्याएं विधायक जगमोहन आनंद के सामने रखीं तो कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। रामनगर से आए एक युवक की शिकायत ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।
युवक ने विधायक जगमोहन आनंद को बताया कि रामनगर की गली के बीचों-बीच एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। इसे हटवाने के लिए पहले भी विधायक से गुहार लगाई गई थी। विधायक के निर्देश पर जब विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो ट्रांसफार्मर हटाने की बजाय वहीं दूसरा ट्रांसफार्मर और लगा दिया गया। अब हालत यह है कि गली में दो-दो ट्रांसफार्मर खड़े हैं और दोनों ही खतरे का कारण बने हुए हैं। युवक ने कहा कि जेई साहब ने तो गड़बड़ ही कर दी, अब आप ही इसे ठीक कराइए। इस पर विधायक जगमोहन आनंद ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों ट्रांसफार्मर तुरंत हटवाए जाएं और मामले की रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाए।
विधायक ने कहा कि बिजली से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लें और मौके पर जाकर निरीक्षण करें। ट्रांसफार्मर, पोल और झूलती तारें सीधे लोगों की जान से जुड़ा मामला है। इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केस-1
झूलते तारों से लगता है डर
रामनगर से ही एक और शिकायत सामने आई, जिसमें लोगों ने बताया कि बिजली के पोल से केबल झूल रही हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस पर विधायक ने साफ कहा कि यदि किसी भी तरह की लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
केस-2
बिल भरने वाला कोई नहीं
जनसुनवाई के दौरान शिव कॉलोनी की रहने वाली बुजुर्ग महिला वीरा बाई की पीड़ा भी सामने आई। उन्होंने बताया कि उनके पति और तीनों बच्चों की मौत हो चुकी है। वह अकेली हैं और पेंशन के सहारे घर चल रहा है। बिजली विभाग की ओर से 28 हजार रुपये का बिल भेज दिया गया, जिसे भरना उनके लिए संभव नहीं था। विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही उनका बिल जमा कराने के लिए कहा है।