संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। गांव फफड़ाना से एक सप्ताह पूर्व लापता एक व्यक्ति का शव पानीपत के गांव कवि के पास नहर से बरामद हुआ है। मतलौडा पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर केस में हत्या की धारा जोड़ दी है।
जानकारी के अनुसार गांव फफड़ाना निवासी 42 वर्षीय जोगिंद्र सिंह 14 दिसंबर को घर से लापता हो गया था। दो-तीन दिन खोजबीन के बाद जोगिंद्र की पत्नी कोमल ने सालवन चौकी में पति की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। असंध पुलिस को मतलौडा पुलिस से गांव कवि के पास नहर में अज्ञात व्यक्ति के शव होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने जोगिंद्र के परिजनों को शव दिखाया तो शिनाख्त हो पाई।
परिजनों ने जोगिंद्र की हत्या की आशंका जताई है। असंध पुलिस हर पहलू पर जांच में जुटी है। थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि फफड़ाना निवासी कोमल ने 17 दिसंबर को पुलिस को शिकायत दी थी कि 14 दिसंबर को उसका पति जोगिंद्र साइकिल लेकर सुबह काम पर गया था। लेकिन शाम सात बजे तक वापस नहीं आया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया था। अब जोगिंद्र का शव नहर से मिला है। मतलौडा पुलिस ने शव का पानीपत से पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। असंध पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। जल्द पुलिस मामले का खुलासा करेगी।