करनाल। तरावड़ी का रहने वाले 15 वर्षीय मनन सचदेवा एक निजी चैनल के ‘मेगा फाइनल राउंड’ में जीत हासिल करने के बाद अब रियलिटी शो में अपना स्थान पक्का कर लिया है। शो के लिए देश से चुने गए 18 बच्चों में मनन को शामिल किया गया है।
मनन के गुरुओं को उम्मीद है कि रियलिटी शो में मनन पहले पांच में से किसी पायदान पर रहेगा। इसके लिए चुना गया सचदेवा दूसरा डांसर है। इससे पूर्व जूनियर वर्ग में करनाल का उदयमीत वर्ष 2012 में चुना गया था। तरावड़ी का रहने वाला 11वीं कक्षा का छात्र मनन सचदेवा मध्यम वर्गीय परिवार से संबंध रखता है। मनन पिछले छह वर्षों की मेहनत के बाद बॉलीवुड की जानी मानी कोरियोग्राफर सरोज खान से सम्मानित हो चुका है।
डांस इंडिया डांस की जज मास्टर मर्जी से भी 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार हासिल कर चुका है। मनन सचदेवा एक निजी चैनल में पहले बीस में भी अपना स्थान बना चुका है। चावला डांस अकादमी के रिक्की चावला ने बताया कि अब मनन अगले चार महीनों तक मुंबई में रहकर शूटिंग करेगा। पहले धारावाहिक के लिए मनन के पिता चंद्रप्रकाश को बुलाया गया है। चंद्रप्रकाश तरावड़ी में दर्जी का काम करते हैं। मनन के गुरु रिक्की चावला, धीरज चावला व अनुराग चावला को उम्मीद है कि मनन 18 प्रतिभागियों में से पहले पांच में जगह बना लेगा।