पानीपत जिले के हथवाला गांव निवासी युवक गौरव शर्मा (19) की करनाल रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। तीन दोस्त माता वैष्णो के दर्शन करने जा रहे थे। रेल लाइन पार करते समय यह हादसा हुआ। इसी गांव के दो युवक मोहित व अनिकेत सकुशल हैं। बृहस्पतिवार को मृतक के परिजन करनाल पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
यह घटना बुधवार रात करीब 10:20 बजे की है। बताया जा रहा है कि स्टेशन पर मालगाड़ी खड़ी थी। तीनों युवक प्लेटफार्म नंबर दो पर जाने के लिए लाइन क्रॉस करने लगे। गौरव जब मालगाड़ी से आगे निकला तो राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसका शरीर क्षत-विक्षत हो गया। राजधानी एक्सप्रेस का करनाल में ठहराव नहीं है और यह तेज गति से गुजरती है। राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मचारियों ने शव को मोर्चरी हाउस भेजा। रोते-बिलखते परिजन करनाल पहुंचे। उन्होंने बताया कि गौरव के पिता राकेश शर्मा एक निजी स्कूल में कार्यरत हैं। आईटीआई से कोर्स के बाद गौरव नौकरी करने लगा था। उसके जाने से परिजनों का सहारा टूट गया है।
जीआरपी थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने कहा कि कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। अवैध रूप से रेल लाइन पार करना नियमों के विरुद्ध है। स्टेशन पर नियमित रूप से उद्घोषणा की जाती है कि यात्री दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुटओवरब्रिज का इस्तेमाल करें।