करनाल। सेक्टर-13 में नौकरानी और दूध बेचने वाले ने मिलकर बुजुर्ग पर छेड़छाड़ का आरोप लगा ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बुजुर्ग से 37 हजार रुपये हड़प लिए और दोबारा रुपये मांग रहे थे। सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बुजुर्ग ने बताया कि उनके घर पर करीब 5 साल से सतेंद्र नाम का व्यक्ति दूध देने आता है। एक दिन उसने दूधिया से कहा कि उन्हें घर का काम करने के लिए एक महिला की आवश्यकता है। दूधिया 30 वर्षीय महिला को काम पर रखवाने के लिए उनके घर लेकर आया। उस महिला ने दो दिन काम किया और फिर नहीं आई। उसने दूधिया से पूछा कि महिला काम करने क्यों नहीं आ रही है। वह बोला कि वह काम नहीं करना चाहती। इसके बाद उसने महिला के दो दिन के 500 रुपये आरोपी सतेंद्र को दे दिए।
तीन दिन बाद दूधिया का फोन आया और उसने बताया कि महिला कह रही है कि उसके साथ छेड़छाड़ हुई है। वह इसकी पुलिस को शिकायत देगी। यदि मामला निपटाना है तो कुछ रुपये देकर उस महिला का मुंह बंद करवा दूंगा। बदनामी से बचने के लिए बुजुर्ग ने 37 हजार रुपये दूधिया को दे दिए। इसके बाद दूधिया ने दोबारा फोन करके कहा कि महिला और रुपये मांग रही है। बुजुर्ग ने कहा कि जब महिला दो दिन घर पर काम करने आई थी तो उसकी पत्नी व पुत्र वधू ने ही महिला से बात की थी। लेकिन दूधिया कह रहा है कि महिला मान नहीं रही है, रुपये और मांग रही है।
बुजुर्ग ने यह पूरा मामला पुलिस को बताया और लिखित में शिकायत दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संवेदनशील है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।