संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। छठ पर्व सेवा समिति मंडल की ओर से सूर्य मंदिर की धर्मशाला में आयोजित श्रीराम कथा में प्रवचन करते हुए कथा व्यास आचार्य सतीश मिश्र ने कहा कि प्रभु राम हमारे आचरण और हमारे उत्तम विचार में अवश्य विराजमान होने चाहिए। यही उनकी सबसे बड़ी भक्ति है। उन्होंने आदर्श राजा, उत्कृष्ट भाई, श्रेष्ठ पुत्र, महान मित्र की भूमिका एक साथ निभाई तथा एक मानक स्थापित किया। उन्होंने कहा कि प्रभु राम के नाम मात्र से रावण जैसे अत्याचारी का अंत हो जाता है और अंदर के सारे पाप और कुविचार समाप्त हो जाते हैं।
मन के रावण का अंत करें, स्वत: प्रभु राम की भक्ति मिल जाएगी। अन्याय पर न्याय की जीत के लिए प्रभु श्रीराम ने विकट समुद्र को पार कर यह साबित कर दिया था कि अन्याय और अत्याचार का हर समय विरोध करना ही मनुष्य का नैतिक कर्तव्य है।
मौके पर प्रधान सुरेश कुमार यादव ने बताया कि 27 अक्तूबर की शाम को व 28 अक्तूबर को सुबह भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए हजारों लोग पश्चिमी यमुना नहर पर पहुंचेंगे। इस अवसर पर पार्षद सुधीर यादव, जंग बहादुर यादव, सुरेश कुमार यादव, अर्जुन पंडित, उमेश चौहान, रोहित कुमार, राम दयाल यादव, शत्रुघन राय, भोला राय, मुंशी राय, राजेश्वर, सिकंदर मेहतो, राम विलास यादव, राम सागर, नागेंद्र महतो, नंद किशोर, भूषण राय, अरविंद राय, अशोक यादव, दिलीप कुमार उपस्थित रहे।