जिले में चोरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि उन्होंने अब एक पुलिस इंस्पेक्टर के क्वार्टर को निशाना बनाया है। चोरों ने हरियाणा पुलिस की एचएपी मधुबन 5वीं बटालियन के इंस्पेक्टर के क्वार्टर में दिवाली की छुट्टियों के दौरान लाखों की चोरी कर ली। चोरों ने तीन डायमंड के आभूषण व करीब 31 तोला सोने और चार सौ ग्राम चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया। इंस्पेक्टर परिवार सहित शनिवार को वापस लौटे तो चोरी की जानकारी मिली। मधुबन थाने में घटना की एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
पुलिस इंस्पेक्टर वीरभान के अनुसार वह एचएपी की पांचवीं बटालियन में तैनात हैं। वह मधुबन के क्वार्टर संख्या 42 बी में परिवार सहित रह रहे हैं। इंस्पेक्टर वीरभान ने मधुबन थाना प्रभारी को दी शिकायत में कहा कि वह दो नवंबर को दिवाली पर दोपहर बाद करीब दो बजे पंजाब में अपने रिश्तेदार के यहां जाने के लिए क्वार्टर से निकले थे। दिवाली के बाद अब छह नवंबर को शाम करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच वापस अपने क्वार्टर पर लौटे। यहां आकर देखा तो उन्हें गड़बड़ी का शक इसलिए हुआ कि घर की जो लाइट वह जलाकर गए थे, वह बंद मिली। घर खंगाला तो दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी में सोने चांदी के गहने चोरी हो चुके थे। 20 हजार रुपये भी गायब थे। चोरी हुए गहनों में एक हीरे का मंगलसूत्र, एक हीरे की ईयरिंग (कान के झुमके), एक हीरे की अंगूठी के अलावा एक आठ तोला सोने का हार, एक तीन तोला सोने का हार, पांच तोला सोने की दो चेन, ढाई तोला सोने की पांच अंगुठियां, आठ तोला सोने के कंगन, 1.2 तोला सोने की दो ईयरिंग, आधा तोला मांग का टीका, एक तीन तोला सोने का मंगलसूत्र के साथ साथ 300-400 ग्राम चांदी के गहने शामिल हैं। मधुबन थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर की शिकायत पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।