संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। सेक्टर-13 के श्री गीता मंदिर को रंग बिंरगी लाइटों से सजाया गया है, जिसकी छटा देखते ही बनती है। 26 अगस्त की सुबह अनिल गर्ग और उनके परिवार के सदस्य ध्वजारोहण करेंगे। शाम को कान्हा जी को झूला झुलाया जाएगा। रात्रि नौ बजे से गायक बिन्नी भईया और संगीता के साथ साथ स्कूली बच्चे प्रस्तुति देंगे।
श्री गीता मंदिर के प्रधान कैलाश चंद गुप्ता ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में राधाकृष्ण की प्रतिमा को सुंदर वस्त्रों और फूलों से सजा दिया गया है। चांदी के लड्डू गोपाल का शृंगार करवा लिया गया है। श्रीकृष्ण प्रकटोत्सव पर रात्रि 12 बजे चांदी के लड्डू गोपाल का पंचामृत से स्नान करवा भोग लगा कर केक काट बधाई गाई जाएगी और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
ठाकुर जी का अभिषेक कैलाश चंद गुप्ता, गुरदयाल बंसल, राजकुमार गोयल और मनीष बंसल करेगे। वहीं कुंजपुरा रोड स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर को भी लाइटों से सजाया गया है। मंदिर में सोमवार सुबह ठाकुर जी को श्रद्धालु झूला झुलाएंगे और शाम को विशेष रूप से सजाई गई झांकियों का आनंद लेंगे। रात्रि 12 बजे लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव पर केक काट कर बधाई दी जाएगी।