राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) डीम्ड यूनिवर्सिटी करनाल के 19वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर ने भाग लिया। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति के साथ-साथ हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कई केंद्रीय मंत्री व राज्य के मंत्रियों ने शिरकत की। एनडीआरआई अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है।
दूध-दही का खाना, देश मेरा हरियाणा- राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी के 19वें दीक्षांत समारोह में बुलाने पर आभार जताया। साथ ही उन्होंने एनडीआरआई को 100 वर्ष पूरे करने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि ये क्षेत्र डेयरी और उससे जुड़े उत्पादों के अनुसंधान के लिए उपयुक्त स्थान है। हरियाणा के लोग बड़े गर्व से कहते हैं दूध-दही का खाना, यो मेरा हरियाणा। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब के किसानों ने हरित क्रांति के साथ-साथ श्वेत क्रांति में भी विशेष सफलता निभाई है।
हरियाणा वीरों की भूमि- राष्ट्रपति
उन्होंने कहा कि मैं डिग्री और मेडल प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देती हूं। यह आपका सौभाग्य है कि आपको इस संस्थान में पढ़ाई करने का मौका प्राप्त हुआ। मुझे बताया गया है कि आईसीआर द्वारा जारी रैंकिग में एनडीआरआई पिछले पांच वर्षों में देश के सभी कृषि विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान पर बना रहा है। उन्होंने कहा कि दूध और दूध से जुड़े सभी उत्पाद भारत के खान-पानों का अटूट हिस्सा रहे हैं। राष्ट्रपति ने हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां बच्चे खेल में भाग लेते है और कहा कि यह वीरों की भूमि है।
गाय और अन्य पशुधन भारत के समाज और परंपराओं का हिस्सा
राष्ट्रपति ने कहा कि मां के दूध के साथ गाय का दूध को भी स्वास्थ्य के लिए अमृत माना जाता है। उन्होंने कहा कि दूध को पवित्र माना जाता है इसलिए इसका उपयोग देवताओं के अभिषेक के लिए भी किया जाता है। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि बुजुर्गों द्वारा महिलों को दूधो नहाओ पूतो फलो का आशीर्वाद दिया जाता है। गाय और अन्य पशुधन भारत के समाज और परंपराओं का अभिन्न अंग रहे हैं। गाय के प्रति श्री कृष्ण का प्रेम व शिवजी और नंदी की कहानियां हमारी संस्कृति में शामिल है।
महिलाओं को समान अधिकार व समान अवसर मिलना चाहिए
राष्ट्रपति ने कहा कि आज डेयरियों में 70 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की है। आज डिग्री लेने वालों में भी एक तिहाई लड़कियां, गोल्ड मेडल लेने वालों में पचास प्रतिशत लड़कियां है। महिलाओं के पास निर्णय लेने और नेतृत्व के लिए भी समान अधिकार व समान अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए महिलाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। महिलाओं को डेयरी उद्योग के लिए आसान कर्ज और बाजार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना चाहिए।
हरियाणा का दुग्ध उत्पादन 1127 ग्राम प्रति व्यक्ति
राष्ट्रपति ने संबोधन ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे ज्यादा दूध उत्पादन कर रहा है। दूध उत्पादन में 22 प्रतिशत हिस्सा है। डेरी का भारतीय जीडीपी में पांच प्रतिशत योगदान है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का दुग्ध उत्पादन 1127 ग्राम प्रति व्यक्ति है इसे आगे बढ़ाने के लिए संस्थान और प्रयासरत है।
पांच जिलों की पुलिस ने संभाली सुरक्षा की कमान
शहर के अंदर पानीपत, कैथल, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर समेत करनाल की पुलिस के हाथों में सुरक्षा की कमान है। पुलिस अधिकारियों ने भी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। दो पुलिस अधीक्षक, 24 उप पुलिस अधीक्षक और 19 निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस तैनात है।